उज्ज्वला योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने की बैठक
रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि उज्ज्वला योजना के तहत राज्य के करीब 33 लाख महिलाओं को योजना से जोड़ उन्हें धुएं की घुटन से मुक्ति दिलायी जा चुकी है. शेष छूटे हुए परिवारों को सितंबर तक योजना से जोड़ना है. श्री दास सोमवार को अपने आवास पर सभी जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष के साथ उज्ज्वला योजना के प्रगति कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे.
मुख्यमंत्री ने कहा : हमें उज्ज्वला योजना के तहत गैस चूल्हा, पहली और दूसरी सिलिंडर का रिफिल निःशुल्क प्रदान करना है. आप सभी पूर्व की तरह युद्ध स्तर पर कार्य करें. गांव, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर समन्वय बनाकर कार्य करेंगे, तो हमें अवश्य सफलता मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड देश का इकलौता राज्य है, जहां पहला और दूसरे सिलेंडर का रिफिल और चूल्हा भी मुफ्त दिया जाता है. सभी समुदाय, जाति, धर्म की हर गरीब बहन के घर तक गैस कनेक्शन पहुंचना सरकार की प्राथमिकताओं में है.
उज्ज्वला दीदियों की मदद लें, महिलाओं को सुरक्षा मानकों से अवगत करायें : मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर पर नियुक्त उज्ज्वला दीदियों का सहयोग इस कार्य में लें. दीदियों को पूर्व में ही छूटे हुए परिवार को जोड़ने का अनुरोध किया गया है.
उन्हें गांव के लाभान्वित महिलाओं को एलपीजी के सुरक्षात्मक उपयोग की जानकारी भी देनी है, इसके लिए उन्हें प्रशिक्षित भी किया जा रहा है. जिला उपाध्यक्ष गांव, पंचायत और प्रखंड स्तर तक अब तक हुए कार्यों की समीक्षा प्रतिदिन करें. तभी सरकार 30 सितंबर तक उज्ज्वला योजना से सभी जरूरतमंद को जोड़ने के लक्ष्य को प्राप्त करेगी.
