रांची : अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पिपराटोली में रेखा तिग्गा व उसकी पांच साल की बेटी प्रियांशी तिर्की की हत्या के मामले में अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
हालांकि पुलिस दावा कर रही है कि मामले में कुछ सुराग मिले हैं. इसकी पुष्टि हटिया डीएसपी प्रभात रंजन बरबार ने की है. इस घटना के उजागर होने के बाद से आरोपी शमीम का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है. उसे पकड़ने के लिए पुलिस रातू के हुरहुरी स्थित उसके पैतृक घर भी गयी थी, लेकिन वह हाथ नहीं आया.
ज्ञात हो कि पिपराटोली में दोनों मां-बेटी पेशे से राज मिस्त्री शमीम अंसारी उर्फ शमीन अंसारी के साथ किराये के मकान में रहती थी. 21 अगस्त की रात से दोनों लापता थी. दो सितंबर को वाटर हार्वेस्टिंग के लिए बनायी गयी टंकी (जहां किराये पर रहती थी) से दोनों मां-बेटी का कंकाल बरामद हुआ था.
रेखा के रिश्तेदारों ने टंकी से बरामद कपड़े व चप्पल से उसकी पहचान की थी़ बताया जाता है कि शमीम और रेखा लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. रेखा रेजा का काम करती थी. रेखा के पहले पति सुखदेव उरांव की मौत हो चुकी है. इसके बाद वह शमीम के संपर्क में आयी.
