रांची : कुख्यात फरार अपराधियों की संपत्ति का ब्योरा जिलों से तलब किया गया है. साथ ही कुख्यात अपराधियों के कांडों का ब्योरा भी देने को कहा गया है. इस संबंध में मुख्यालय के स्तर से जिलों के एसपी और सभी डीसीबी को पत्र भेजा गया है. सभी जिलों के डीसीबी पदाधिकारियों को ब्योरे के साथ 22 अगस्त को सीआइडी मुख्यालय में आयोजित बैठक में मौजूद रहने को कहा गया है. इसके अलावा जमानतदारों का सत्यापन, साइबर अपराधियों की सूची व विवरण, लापता,मानव तस्करी, महिला व बाल अपराध, नशाखुरानी, मॉब लिंचिंग, अपराधियों के जमानतदारों का सत्यापन, अपराधियों के खिलाफ सीसीए का ब्योरा भी मांगा गया है.
साथ ही सभी आपराधिक गिरोहों व अपराधकर्मियों की सूची भी मांगी गयी है. वहीं सीआइडी के जिलों में कार्यरत कार्यालय की स्थिति के अलावा तीन सालों से अधिक समय से प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों व पुलिसकर्मियों की सूची भी देने को कहा गया है.
