रांची़ : चतरा जिले के टंडवा निवासी दो बाल कैदियों की हजारीबाग बाल सुधार गृह में की गयी पिटाई मामले में राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग ने संज्ञान लिया है. आयोग के सदस्य यशवंत जैन ने इस संबंध में हजारीबाग एसपी को पत्र भेज कर 10 दिनों में जांच प्रतिवेदन तलब किया है. इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने आयोग से शिकायत की थी.
जानकारी के अनुसार 21 जुलाई को दो लड़कों को चतरा से हजारीबाग बाल सुधार गृह लाया गया था. दोनों की पिटाई की गयी थी, जिसमें से एक गंभीर रूप से घायल हो गया. 25 जुलाई को बाल सुधार गृह के प्रभारी द्वारा बच्चे को हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उम्मीद के अनुरूप स्थिति में सुधार नहीं होने पर 30 जुलाई को चिकित्सकों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार बच्चे का इलाज चल रहा है.
