रांची : आजसू अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने मुख्यमंत्री रघुवर दास को पत्र लिख कर राज्य में सूखे के हालात पैदा होने की बात कही है. इससे निबटने के लिए सरकार से तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है़ श्री महतो ने सीएम को भेजे पत्र में कहा है कि बारिश नहीं होने से राज्य का बड़ा इलाका सूखे की चपेट में जाता दिख रहा है़
उन्होंने लिखा है कि इस साल झारखंड में मॉनसून लगभग 12 दिन विलंब से आया है़ आंकड़े के अनुसार, पूरे राज्य में सामान्य से 40 फीसदी कम बारिश हुई है़ अभी तक प्रदेश में औसत 399.4 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, पर 237.7 मिलीमीटर ही हुई है़ सूखे की हालत पर उच्च स्तरीय समीक्षा होनी चाहिए़ संबंधित विभागों को इस विषम परिस्थिति से निबटने के लिए अभी से ठोस कदम उठाने के लिए आवश्यक निर्देश दिया जाना जरूरी है़ वर्तमान स्थिति से निबटने के लिए पंचायतों को भी दिशा-निर्देश देने की जरूरत है़ श्री महतो ने कहा कि विधानसभा का मॉनसून सत्र आहूत हो रहा है, ऐसे में इस विषय पर चर्चा होनी चाहिए़
जनप्रतिनिधियों की राय लेकर ठोस कार्यक्रम तैयार किया जाये़ आजसू नेता ने पत्र में कहा है कि पिछले साल भी राज्य के 129 प्रखंडों को सूखा प्रभावित घोषित किया गया था़ इस बार खेती से पहले सरकार ने किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता दी है़ किसानों को इस सहायता से भरोसा बढ़ा, लेकिन बारिश नहीं होने से किसानों और खेतीहर मजदूरों के समक्ष गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है़ अबतक 70 प्रतिशत से अधिक धान का बिचड़ा लग जाना चाहिए था, पर 20 प्रतिशत ही बिचड़ा लग पाया है़ बिचड़े तैयार हैं, लेकिन किसान पानी के इंतजार में रोपा नहीं कर पा रहे़
