नगर विकास सचिव ने पीएम आवास योजना की दी जानकारी
रांची : एचइसी परिसर में झुग्गी बस्तियों (स्लम) में रहनेवालों को सरकार कॉलोनी बना कर पक्के घर देगी. यह निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रथम घटक के तहत किया जायेगा.
गुरुवार को नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने जुडको के अधिकारियों को एचइसी के स्लम में रहनेवालों को घर देने के लिए विस्तृत कार्य प्रतिवेदन (डीपीआर) बनाने का निर्देश दिया. कहा कि योजना को कैबिनेट की मंजूरी दिलाने के लिए जल्द ही प्रस्ताव तैयार किया जायेगा.
नगर विकास विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक एचइसी परिसर में बसी झुग्गी बस्तियों में 5,725 परिवार रहते हैं. भुसूर स्थित झुग्गी बस्ती 1,181 लोग रह रहे हैं. यहां 38.5 एकड़ जमीन पर 1,200 पक्के (जी प्लस 6) आवास बनाने की योजना है. तिरिल बस्ती में 1,875 लोग रह रहे हैं.
यहां 8.8़22 एकड़ जमीन पर 2,125 आवास बनाये जायेंगे. लाबेद स्थित झुग्गी-झोपड़ी 761 परिवार रह रहे हैं. यहां 27.09 एकड़ भूमि पर 2,400 आवास बनेंगे. एनी स्थित झुग्गी-झोपड़ी में 1600 परिवार रह रह रहे हैं. यहां भी पक्के मकान बनाने की योजना है. वहीं, कुटे के 146 और मुड़मा के 137 परिवारों को तिरिल और लाबेद में बनने वाले आवासों में बसाया जायेगा.
भूमि के हस्तांतरण की कार्रवाई जल्द शुरू कराने का निर्देश : समीक्षा बैठक के दौरान नगर विकास सचिव श्री सिंह ने एचइसी से 308.86 एकड़ भूमि के हस्तांतरण की कार्रवाई जल्द से जल्द शुरू कराने के निर्देश दिये.
इसके साथ ही कहा कि जुडको एवं एचइसी के अधिकारी जितनी जल्दी हो सके संयुक्त रूप सर्वे कर जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करें. ताकि जल्द से जल्द झुग्गी बस्तियों में रहनेवालों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके. सचिव ने कहा कि झुग्गी बस्तियों रहने वालों के लिए प्रस्तावित कॉलोनी के पास पार्क भी बनवाया जाये.
सड़क, बिजली और पानी की भी व्यवस्था करायी जाये. सामुदायिक भवन भी बनाये जाये. बैठक में निदेशक नगरीय प्रशासन मृत्युंजय कुमार वर्णवाल, जुडको के परियोजना निदेशक तकनीकी राजीव कुमार वासुदेवा, परिवहन एवं आवास प्रभाग के महाप्रबंधक विनय कुमार राय ,डीजीएम पीके सिंह, एजीएम वीरेंद्र कुमार व परियोजना प्रबंधक संजय पासवान उपस्थित थे.
