रांची : गोदाम प्रभारी को उनकी पत्नी लेकर चली गयी घर, पद खाली

एसएफसी गोदाम में 15 दिनों से काम ठप रांची : राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के कडरू गोदाम में गत 15 दिनों से काम ठप है. भारतीय खाद्य निगम (एफसीअाइ) से यहां न अनाज मंगाया जा रहा है अौर न ही शहरी पीडीएस के लिए अनाज का उठाव हो रहा है. इससे रांची शहरी क्षेत्र की […]

एसएफसी गोदाम में 15 दिनों से काम ठप
रांची : राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के कडरू गोदाम में गत 15 दिनों से काम ठप है. भारतीय खाद्य निगम (एफसीअाइ) से यहां न अनाज मंगाया जा रहा है अौर न ही शहरी पीडीएस के लिए अनाज का उठाव हो रहा है.
इससे रांची शहरी क्षेत्र की जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानें प्रभावित हो सकती हैं. इससे पहले गोदाम के प्रभारी बनाये गये एक वीएलडब्ल्यू को उनकी पत्नी गोदाम परिसर से बाकायदा हंगामा कर ले गयी, जो खुद पीडीएस डीलर है.
करीब 12 दिन पहले हुई इस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्नी का कहना था कि पीडीएस दुकानदार जरा सा अनाज इधर-उधर होने पर फंस जाता है. यहां तो पूरा गोदाम है, कोई गड़बड़ी हो गयी तो मुश्किल हो जायेगी. गौरतलब है कि राज्य खाद्य निगम का मुख्यालय भी इसी गोदाम परिसर में है. दरअसल कडरू गोदाम के प्रभारी (सहायक गोदाम प्रबंधक) रवि भूषण 31 मई को ही सेवानिवृत्त हो गये, पर निगम करीब 10 दिनों तक किसी को गोदाम का प्रभार नहीं दे सका.
इसके बाद रांची शहरी क्षेत्र के एक वीएलडब्ल्यू विजय उरांव को गोदाम का प्रभारी बनाया गया. पर तीन-चार दिनों बाद ही उक्त घटना हो गयी. इसके बाद मांडर के एक वीएलडब्ल्यू को प्रभारी बनाने की कोशिश हुई, पर वह भी इसके लिए तैयार नहीं है. इधर अब तक किसी को गोदाम का प्रभार नहीं दिया जा सका है. गौरतलब है कि एसएफसी में कर्मियों की घोर कमी है तथा निगम के विभिन्न गोदाम जिला प्रशासन के जुगाड़ से चल रहे हैं.
मजदूर बेकार, डीसी को दिया ज्ञापन : गोदाम का काम 15 दिनों से बंद रहने के कारण यहां काम करने वाले करीब 150 मजदूर बेकार हो गये हैं. उनकी रोजी-रोटी पर इसका असर पड़ रहा है. इधर, मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी ने रांची के उपायुक्त से अनुरोध किया है कि वह तीन दिनों के अंदर गोदाम का संचालन सुनिश्चित करायें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >