अधीक्षण अभियंता विनय कुमार ने एक दिन भी छुट्टी नहीं ली है
एमडी ने मामले में कुछ भी कहने से किया इनकार
रांची : झारखंड बिजली वितरण निगम ने धनबाद के विद्युत अधीक्षण अभियंता (एसइ) विनय कुमार को निलंबित कर दिया. वहीं धनबाद के प्रभारी महाप्रबंधक (जीएम) उमाकांत सिंह को हटा दिया गया.
पांच जुलाई को ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान तीन सप्ताह से अनुपस्थित रहने के आरोप में विनय कुमार को निलंबित करने व उमाकांत सिंह को हटाने का आदेश दिया गया था. इसके बाद इसी दिन शाम को ही झारखंड बिजली वितरण निगम द्वारा एसइ विनय कुमार निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया गया. हालांकि एसइ विनय कुमार लगातार ड्यूटी कर रहे थे. पांच जुलाई को जिस दिन उन्हें निलंबित किया गया, उस दिन भी वह ड्यूटी पर थे.
पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मैं लगातार ड्यूटी कर रहा था. छुट्टी भी नहीं ली थी. धनबाद एरिया बोर्ड के तत्कालीन प्रभारी जीएम उमाकांत सिंह ने भी कहा कि अधीक्षण अभियंता विनय कुमार लगातार ड्यूटी पर थे. उन्होंने एक दिन भी छुट्टी नहीं ली है.
उठ रहे हैं सवाल : एसइ का निलंबन बिजली वितरण निगम के अभियंताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. एक अभियंता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि किसी ने दुर्भावना से अनुपस्थित रहने की शिकायत कर दी होगी. निलंबन के पहले अटेंडेंस की जांच की जानी चाहिए व अभियंता को अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए.
इस बाबत झारखंड बिजली वितरण निगम के एमडी राहुल पुरवार ने कहा कि वह अभी छुट्टी पर हैं. कुछ नहीं कह सकते. वितरण निगम के एक अधिकारी ने कहा कि निलंबन के बाद उन पर विभागीय कार्रवाई के लिए जांच होगी. जांच में स्पष्ट हो जायेगा कि वह ड्यूटी पर थे या नहीं. तब तक वह निलंबित रहेंगे.
