बिना अनुमति जुलूस निकालने वालों पर भी कार्रवाई की मांग
रांची : एकरा मस्जिद के समीप विवेक उर्फ चंदन पर चाकू से हमला और दीपक से मारपीट करनेवाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार की शाम विभिन्न संगठनों ने कोतवाली थाना का घेराव किया. घटना से आक्रोशित लोग विरोधस्वरूप कोतवाली थाना के बाहर धरना पर बैठे गये और नारेबाजी करने लगे. आक्रोशित लोगों ने कोतवाली डीएसपी से कहा कि घटना को हुए कई घंटे बीत चुके हैं.
इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया. जब जुलूस निकालने की अनुमति ही नहीं दी गयी थी, तब पुलिस ने जुलूस को रोकने का प्रयास क्यों नहीं किया. पुलिस दूसरे लोगों के जुलूस को मेन रोड से गुजरने पर तुरंत रोक देती है. पुलिस चाहती क्या है. क्या हमें सड़क पर उतरना होगा. हमें कानून हाथ में लेकर अब क्या खुद कार्रवाई करनी होगी.
हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष सुजीत सिंह ने पुलिस से कहा कि दोनों युवक मॉब लिंचिंग की घटना के शिकार हुए हैं. इसलिए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए. कोतवाली डीएसपी ने आक्रोशित लोगों को समझाया कि पुलिस घटना को लेकर केस दर्ज कर चुकी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपियों को पहचानने का प्रयास कर ही है. पहचान होने के बाद पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी.
इस पर धरना पर बैठे लोगों ने कहा कि हमें आश्वासन नहीं, कार्रवाई चाहिए. इसी बीच एक एक आक्रोशित युवक पुलिस से कहने लगा कि एकरा मसजिद के समीप तोड़-फोड़ के दौरान एक परिवार गाड़ी में फंस गया था. उनके साथ अनहोनी हो सकती थी.
तब गाड़ी में सवार लोगों ने 100 नंबर डॉयल कर पुलिस से मदद मांगी. लेकिन जवाब मिला कि पुलिस घटनास्थल पर है. आप देख लीजिये. ऐसे में पुलिस क्या कार्रवाई करेगी. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाया कि पुलिस को कार्रवाई करने के लिए थोड़ा समय चाहिए. इसमें सहयोग कीजिये. इसके बाद लोग धरना से उठे और वापस चले गये.
