चान्हो : एनएच-75 पर खूंटीटोली मोड़ के निकट बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवार युवक शाहबाज खान (18) व, तौसीफ आलम (16) गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों सोंस गांव के रहनेवाले हैं, उन्हें चान्हो में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर किया गया है.
घटना करीब 12 बजे दिन की है. बताया जा रहा है कि शाहबाज व तौसीफ एक ही बाइक में सोंस से चान्हो की ओर आ रहे थे. इसी क्रम मे खूंटीटोली की ओर एनएच पर निकले एक दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गयी.
सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी व बच्ची घायल : चान्हो में मिशन अस्पताल के समीप बुधवार को अपराह्न एक स्कार्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार लोहरदगा के सुंदरू गढ़ाटोली निवासी संतोष कुमार (27) व उनकी पत्नी किरण देवी घायल हो गये. हादसे में उनकी डेढ़ वर्षीय बच्ची को भी चोट आयी है. जिन्हें इलाज के लिए मिशन अस्पताल चान्हो में भर्ती किया गया है.
बाइक सवार की मौत : रातू. थाना क्षेत्र के पावर हाउस रातू के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गयी. जिसकी पहचान चोड़ा चामा निवासी किसुन किस्पोट्टा (25) के रूप में की गयी. जानकारी के अनुसार मंगलवार को किसुन शादी समारोह में शामिल होने हुरहरी गया था.
वहां से बुधवार की सुबह वह बाइक से अपने ससुराल तिलता जा रहा था कि पावर हाउस के समीप अज्ञात वाहन ने धक्का मार कर फरार हो गया. जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी तथा उसके सिर में चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
