50 लोगों ने दिया वोट नहीं देंगे मुहल्ले में पानी

रांची : वार्ड नंबर 27 के पार्षद ओमप्रकाश का एक वीडियो मंगलवार को वायरल हो गया. इसमें पार्षद अपने ही वार्ड के लोगों को धमका रहे हैं. वीडियो में पार्षद लोगों से यह कह रहे हैं कि आपके मोहल्ले से हमें केवल 50 वोट मिले थे. कई लोग हटिया क्षेत्र के रहने वाले हैं, इसलिए […]

रांची : वार्ड नंबर 27 के पार्षद ओमप्रकाश का एक वीडियो मंगलवार को वायरल हो गया. इसमें पार्षद अपने ही वार्ड के लोगों को धमका रहे हैं. वीडियो में पार्षद लोगों से यह कह रहे हैं कि आपके मोहल्ले से हमें केवल 50 वोट मिले थे. कई लोग हटिया क्षेत्र के रहने वाले हैं, इसलिए वे उन्हें पानी नहीं दे सकते. वीडियो में एक जगह पार्षद लोगों से यह भी कह रहे हैं कि चुपचाप यहां से चले जायें अन्यथा वे सही-सलामत घर भी नहीं जा सकेंगे.

क्या है पूरा मामला: पानी की किल्लत को देखते हुए मंगलवार को स्वर्ण जयंती नगर की महिलाओं का एक दल पार्षद ओमप्रकाश के घर पहुंचा.
यहां लोगों ने उनसे कहा कि वे स्वर्ण जयंती नगर के हैं. यहां पानी का गंभीर संकट है. इस पर पार्षद ने कहा कि उस मोहल्ले से हमें केवल 50 वोट मिले थे. बाकी लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया था. इस पर महिलाओं ने कहा कि वे किराये के मकान में रहते हैं. इस पर पार्षद ने कहा कि किराया में रहते हैं, तो जाकर मकान मालिक से पानी मांगें.
पार्षद पानी नहीं दे सकता है. महिलाओं ने जब कहा कि पार्षद चुनाव में आपको ही वोट दिये थे. इस पर पार्षद ने कहा कि अपना वोटर कार्ड लेकर आइए. हम भी देखेंगे कि आप यहां के वोटर हैं कि नहीं.
इतना मार मारेंगे कि सही से घर भी नहीं जा पाओगे: बात बढ़ते-बढ़ते इस स्तर पर पहुंच गयी कि पार्षद ने महिलाओं व उनके साथ आये युवकों से कहा कि वे जल्दी से यहां से चले जायें, नहीं तो इतना मार मारेंगे कि वे सही से घर भी नहीं जा पायेेंगे. महिलाओं ने इस पर भी आपत्ति जतायी, लेकिन पार्षद अड़े रहे और कहा: कुछ भी कर लो, वहां हम पानी नहीं बंटवायेंगे.
कोट
नगर निगम चुनाव में जिनको मैंने हराया था, उनके द्वारा ही साजिश कर वीडियो बनाया गया है. मैंने किसी से अपशब्द नहीं कहा है. बल्कि जो लोग मिलने आये थे, उन्हीं लोगों ने ही अनाप-शनाप बोला है. इसके बावजूद मैं खामोश रहा, नहीं तो आज कुछ भी हो जाता. पानी की किल्लत को लेकर जगह-जगह 100 बोरिंग करवाया है. इसके अलावा प्रतिदिन पांच टैंकरों से पानी का वितरण किया जाता है.
ओमप्रकाश, पार्षद, वार्ड 27
पार्षद की दबंगई
बोले, किरायेदार हैं तो मकान मालिक से पानी मांगे
फिर कहा: चुपचाप निकल जाओ, नहीं तो सही-सलामत घर भी नहीं जा पाओगे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >