रांची : नगर निगम की कार्यशैली पर शर्म आती है : सीपी सिंह

उदघाटन के सात माह बाद फुटपाथ दुकानदारों को मिला प्रमाण पत्र रांची : अटल स्मृति वेंडर मार्केट के लिए चयनित फुटपाथ दुकानदारों के बीच शनिवार को नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने वेंडर सर्टिफिकेट का वितरण किया. मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि जिन लोगों को दुकान का आवंटन कर दिया गया है, उन्हें हर […]

उदघाटन के सात माह बाद फुटपाथ दुकानदारों को मिला प्रमाण पत्र
रांची : अटल स्मृति वेंडर मार्केट के लिए चयनित फुटपाथ दुकानदारों के बीच शनिवार को नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने वेंडर सर्टिफिकेट का वितरण किया. मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि जिन लोगों को दुकान का आवंटन कर दिया गया है, उन्हें हर हाल में यहां दुकान लगानी होगी. उन्होंने कहा कि सात माह पहले वेंडर मार्केट का उदघाटन मुख्यमंत्री ने किया था, लेकिन निगम के अफसरों ने इतने दिनों तक फुटपाथ दुकानदारों को मार्केट में शिफ्ट नहीं करवाया, यह दुर्भाग्यपूर्ण है. ऐसी कार्यशैली पर मुझे शर्म आती है.
उन्होंने कहा कि लंबे समय के संघर्ष के बाद फुटपाथ दुकानदारों को स्थायी ठिकाना मिला है. वे खुद व्यवसाय करें. किसी को दुकान न बेचें, न ही किराये पर दें. आनेवाले समय में अन्य स्थानों पर भी मार्केट बनाकर सभी फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित किया जायेगा.
मंत्री ने कहा कि एक जुलाई के बाद कचहरी चौक से सर्जना चौक के बीच के जिन लोगों को दुकान आवंटित किया गया है, वे अगर रोड पर दुकान लगाते दिखे तो उन पर कार्रवाई होगी. सरकार निगम को हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि निगम जनहित के कामों को समय से पूरा करे.
चार जोन में बसायेंगे फुटपाथ दुकानदारों को : मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि लंबे समय के बाद फुटपाथ दुकानदारों के लिए इतना विशाल मार्केट बना है. इसे संरक्षित और साफ रखने की जिम्मेदारी केयर टेकर और दुकानदारों की है.
उन्होंने कहा कि शहर के चार जोन में वेंडर मार्केट बनाने की निगम की योजना है. इसके लिए सरकार से फंड मांगा गया है. उप महापौर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि शहर में जितने भी फुटपाथ दुकानदार हैं. उन सभी को व्यवस्थित किया जायेगा. इसके लिए नगर निगम कृतसंकल्प है.
कचहरी से सर्जना चौक तक एक से नो वेंडिंग जोन : फुटपाथ दुकानदारों को वेंडर प्रमाण पत्र देने के साथ ही नगर निगम ने घोषणा की है कि एक जुलाई से कचहरी चौक से लेकर सर्जना चौक को नो वेंडिंग जोन घोषित किया जायेगा. इसके बाद अगर सड़क के इस हिस्से में किसी ने दुकान लगायी, तो उसके सामान को जब्त कर उस पर कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >