रांची : जगन्नाथपुर मंदिर की जमीन का अतिक्रमण धड़ल्ले से जारी है. मौसीबाड़ी के सामने पिछले कई दिनों से लगातार अवैध रूप से मकान बनाया जा रहा है. ऐसा नहीं है कि यह कच्चे और पक्के मकान एक-दो सप्ताह में बनाये गये हैं. इस क्षेत्र में निर्माण कार्य वर्षों से जारी है. लोगों द्वारा पहले प्लास्टिक, लकड़ी से जमीन को घेरा जाता है, उसके बाद ईंट की चहारदीवारी बना कर प्लास्टिक से ढक दिया जाता है.
मंदिर कमेटी के लाल प्रवीर नाथ शाहदेव ने कहा कि चार जुलाई को ऐतिहासिक रथ यात्रा होनी है, जिसमें लगभग 15 से 20 लाख लोग भाग लेते हैं. जमीन के अतिक्रमण होने से मेला व्यवस्था में काफी परेशानी होगी. उन्होंने अतिक्रमण हटाने को लेकर जगन्नाथपुर थाना, मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी पत्र लिखा है.
मुख्यमंत्री कार्यालय ने अतिक्रमण हटाने के लिए उपायुक्त को त्वरित कार्रवाई करने का निदेश दिया है. लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है. उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द जगन्नाथपुर मंदिर के आसपास हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग की है.
नयी दिल्ली की सफाई व्यवस्था देखी मेयर ने
रांची. मेयर आशा लकड़ा ने गुरुवार को दक्षिणी दिल्ली नगर निगम का दौरा किया. इस दौरान मेयर ने महापौर सुनीता कांगड़ा के साथ बैठक की. बैठक के पश्चात मेयर ने दिल्ली में नगर निगम द्वारा कराये जा रहे सफाई कार्यों को देखा.
यहां दक्षिणी दिल्ली की मेयर सुनीता कांगड़ा ने बताया कि यहां प्रमुख सड़कों व गलियों के सफाई के लिए अलग कर्मचारियों को तैनात किया गया है. शहर की सफाई के लिए जिस कंपनी का चयन किया गया है, उसका काम केवल कचरा को उठाकर डंपिंग यार्ड तक पहुंचाना है. यहां कचरा के रिसाइक्लिन का कार्य अलग कंपनी को दिया गया हैं. मेयर को इस दौरान बताया कि निगम प्रतिदिन 3600 मिट्रिक टन कूड़े का उठाव करता है. बैठक में नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता समेत निगम के कई अधिकारी मौजूद थे.
एचइसी में शिफ्ट समयावधि बदलाव का सर्कुलर जारी
रांची. एचइसी प्रबंधन ने गुरुवार को शिफ्ट समयावधि में किये गये बदलाव को लेकर सर्कुलर जारी किया. हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री राणा संग्राम सिंह ने बताया कि हेड क्वार्टर और एचएमबीपी में कार्यरत कर्मियों के शिफ्ट का समयावधि का निर्धारण किया गया है, जो एक जून से लागू होगा. नयी व्यवस्था के तहत एचएमबीपी में ए शिफ्ट का समय सुबह 6.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे, शिफ्ट बी का समय दोपहर 2.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे और सी शिफ्ट का समय रात्रि 10.00 बजे से सुबह 6.00 बजे तक रहेगा. इसमें हेड क्वार्टर में कार्यरत कर्मियों का समय सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9.00 बजे से संध्या 6.30 बजे तक होगा. जबकि शनिवार को सुबह 9.00 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक ही कर्मचारी अपनी सेवा कार्यालय में दे सकेंगे. एचएमबीपी में प्रत्येक शिफ्ट आठ घंटे का होगा और आधा घंटा लंच ब्रेक मिलेगा.
