तमाड़-रांची : रांची-टाटा मार्ग (एनएच-33) पर दुआरसिनी कारगिल पुल के समीप मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी. जबकि बस में सवार दर्जनों यात्री बाल-बाल बचे. घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है.
मिली जानकारी के अनुसार चंचल नामक बस रांची से सवारी लेकर जमशेदपुर जा रही थी. वहीं, विपरीत दिशा से दो युवक पल्सर बाइक से जमशेदपुर से रांची आ रहे थे. इसी क्रम में कारगिल पुल के समीप बस व बाइक की टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक बाइक समेत बस के अगले हिस्से में फंस गया. बस बाइक को चालक सहित घसीटते हुए करीब 200 फीट तक ले गयी.
बताया जाता है कि घिसटने के क्रम में ही बाइक में आग लग गयी. इसके बाद देखते ही देखते आग ने बस को भी अपनी चपेट में ले लिया. इधर बाइक चालक बस के नीचे फंसने से जिंदा जल गया, जबकि बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति के सिर में चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इस व्यक्ति की जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान सुखराम सिंह, मयूरभंज, अोड़िशा निवासी के रूप में की गयी. समाचार लिखे जाने तक बाइक चालक की पहचान नहीं हो पायी थी.
बस की खिड़कियों से कूद बचायी जान
इधर, बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गयी. यात्री जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से कूदने लगे. घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने फायर ब्रिगेड को बुलाया. इसके बाद आग पर काबू पाया. घटना के कारण जाम लगने से सड़क के दोनों अोर वाहनों की कतार लग गयी थी. करीब एक घंटे बाद आवागमन सामान्य हो पाया.
