रांची : नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने सोमवार को कांटाटोली बहूबाजार मार्ग में नया टोली के समीप स्थित एचपीसीएल के पेट्रोल पंप को सील कर दिया. बताया गया कि कांटाटोली फ्लाइओवर के निर्माण के लिए सरकार ने नया टोली स्थित दो पेट्रोल पंप की जमीन पानी के पाइपलाइन बिछाने के लिए अधिग्रहित की थी.
साथ ही निगम ने पंप के संचालकों को जमीन के नीचे स्थित स्टोरेज टैंक काे हटाने का निर्देश भी दिया था. निगम के निर्देश को मानते हुए भारत पेट्रोलियम के पंप ने अपने टैंक को हटा लिया, लेकिन एचपीसीएल पंप के संचालक ने अपने अंडरग्राउंड टैंक को नहीं हटाया. इसके बाद नगर आयुक्त मनोज कुमार ने पंप को सील करने का आदेश जारी किया.
आदेश का पालन करते हुए निगम की टीम ने सोमवार को पंप को सील कर दिया. टीम का नेतृत्व सहायक नगर आयुक्त रजनीश कुमार कर रहे थे. टीम में सिटी मैनेजर सौरभ वर्मा, संदीप कुमार, लोअर बाजार पुलिस और इंफोर्समेंट टीम के सदस्य मौजूद थे.
