रांची : झारखंड की रांची राजधानी में पुलिस ने सुबह-सुबह होटवार जेल में छापामारी की. एसपी के नेतृत्व में सुबह पांच बजे ही छापामारी करने पहुंचे पुलिस के 165 जवानों और अधिकारियों के दल ने दो घंटे तक जेल में सघन तलाशी अभियान चलाया.
होटवार स्थिति बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में रांची की सिटी एसपी सुजाता बीणापानी के नेतृत्व में सुबह पांच बजे ही छापामारी की गयी. सात बजे तक पुलिस के जवानों ने एक-एक सेल की तलाशी ली. इस दौरान पुलिस को कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला. सिटी एसपी ने बताया कि जेल में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है, लेकिन सतत निगरानी जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें : रांची, खूंटी, सिमडेगा और गुमला में थोड़ी देर में शुरू होगी आंधी-बारिश
छापामारी करने गये दल में सिटी एसपी के अलावा पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कोतवाली, डीएसपी नगर, डीएसपी सदर और डीएसपी सिटी कंट्रोल रूम के अलावा रांची जिला के 10 थाना प्रभारी के साथ-साथ 150 पुलिसकर्मी भी थे.
यहां बताना प्रासंगिक होगा कि होटवार जेल में राज्य के कई खतरनाक अपराधी बंद हैं. बीच-बीच में व्यापारियों को जेल से धमकी की खबरें आती रहती हैं. चुनावों के दौरान ऐसी घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है. इसलिए राज्य की जेलों में पुलिस और प्रशासन औचक छापामारी करता रहता है.
