रांची : अपर बाजार के मैकी रोड स्थित दवा दुकान संचालक प्रदीप कुमार जैन पर पिस्टल से हमला करने व लूटपाट का प्रयास करनेवाले दो अपराधियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इनमें पंडरा ओपी के राधा नगर निवासी आकाश कुमार उर्फ पाठक तथा मुसलिम बस्ती पंडरा निवासी सेराज अहमद शामिल हैं. उनलोगोें ने बताया कि राम सिंह ने उन्हें लूटपाट के लिए भेजा था.
यह जानकारी कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल ने मंगलवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को दी़ गौरतलब है कि गत 19 फरवरी की रात दोनों पिस्टल लेकर प्रदीप कुमार जैन की दुकान में लूटपाट की नीयत से घुसे थे.
विरोध करने पर दोनों अपराधियों ने पिस्टल के बट से मार कर उन्हें घायल कर दिया था और भाग गये थे़ सीसीटीवी फुटेज में उनकी फोटो आयी थी. घटना के समय सेराज लाल रंग का जैकेट जबकि आकाश ब्लू रंग का कोट पहने हुए था. घटना के बाद उनलोगों ने जैकेट व कोट को पंडरा नदी में फेंक दिया था. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जैकेट और कोट बरामद कर लिया है.
