रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का पूरी दुनिया लोहा मानती है. इसका प्रमाण पिछले एक सप्ताह में देखने को मिला है.
अब हमारी सेना गोली का जवाब बम से दे रही है. हमारी सेना जवाबी हमला कर रही है, क्योंकि देश का नेतृत्व मजबूत है. श्री दास रविवार को सूरत में श्री समस्त गुजराती मोढ मोदी समाज द्वारा आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय महाधिवेशन को संबोधित कर रहे थे. सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई सोमा मोदी भी मौजूद थे. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सम्मेलन में अबकी बार 400 पार का नारा दिया है. उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि हर समाज को हम जोड़ने का काम करें.
मोदी सरकार ने सभी को घर, शौचालय, बिजली समेत बुनियादी सुविधा देने की चिंता की है. अगर समाज से व्यक्ति मजबूत होता है, तो उस समाज की चिंता करनी चाहिए. समाज मजबूत होगा तो देश भी मजबूत होगा. हर घर में शौचालय की व्यवस्था यह चिंता सिर्फ नरेंद्र मोदी ने की. बहनों के मान सम्मान की चिंता नरेंद्र मोदी ने की. भारत आर्थिक सुपरपावर बनने की दिशा में बढ़ चुका है. इसलिए जरूरी है कि नरेंद्र मोदी पुन: प्रधानमंत्री बनें.
कांग्रेस ने जीप से टू जी घोटाले तक का इतिहास बनाया : मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का तो इतिहास ही घोटाला करने का रहा है. आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने घोटाला करने का कार्यक्रम शुरू कर दिया था. यह 2014 तक जारी रहा. जीप घोटाले से लेकर टू जी घोटाले तक का कांग्रेस का लंबा इतिहास रहा है.
