रांची : रांची नगर निगम के सिटी इंफोर्समेंट प्लान को सोमवार को दिल्ली में स्कॉच अवार्ड-2019 से नवाजा गया. स्कॉच ग्रुप के चेयरमैन समीर कोचर ने नगर निगम के आइटी प्रमुख राजेश कुमार को यह अवार्ड सौंपा.
नगर निगम ने इंफोर्समेंट प्लान को बेस्ट इनोवेशन कार्य बताते हुए अवार्ड के लिए अपनी दावेदारी इस प्रतियोगिता में पेश की थी. इंफोर्समेंट प्लान के तहत तैनात इंफोर्समेंट अफसरों ने शहर को खुले से शौच से मुक्त बनाने, पॉलिथीन पर रोक लगाने सहित अतिक्रमण हटाओ अभियान में बेहतरीन कार्य किया. इस अवार्ड समारोह में देश भर के विभिन्न नगर निकाय, जिला प्रशासन एवं राज्य सरकारों के विभागों व उपक्रमों के द्वारा प्रस्तावित लगभग 250 चयनित परियोजना को शामिल किया गया था. इसमें झारखंड से कुल आठ परियोजनाओं को स्कॉच अवार्ड ऑफ मेरिट से सम्मानित किया गया. इसमें कोडरमा जिला प्रशासन के पांच, रामगढ़ जिला प्रशासन का एक, रांची नगर निगम का एक एवं नगर विकास विभाग की एक परियोजना शामिल है.
