रांची : झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन का छठा केंद्रीय महाधिवेशन गुरुवार को विधानसभा के सभागार में संपन्न हुआ. सर्वसम्मति से शिबू सोरेन को यूनियन का अध्यक्ष व हेमंत सोरेन को महासचिव चुना गया.
सदन के द्वारा अध्यक्ष एवं महासचिव को एक सप्ताह में केंद्रीय समिति का विस्तार करने के लिए अधिकृत किया गया. इसके बाद शिबू सोरेन ने अध्यक्षीय वक्तव्य दिया. महाधिवेशन में तीन वर्षों के कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया. इसके बाद इसकी समीक्षा की गयी.
समीक्षा के दौरान प्रतिनिधि सदस्यों ने सुझाव दिये़ उन सुझावों और उनके द्वारा दिये गये प्रस्तावों को अध्यक्षीय मंडली एवं संचालन मंडली ने स्वीकृत करते हुए प्रतिनिधि सदस्यों को आश्वस्त किया कि आपके द्वारा दिये गये सुझाव एवं प्रस्ताव को केंद्रीय समिति (झाकोमयू) संगठन हित में लागू करेगी.
महाधिवेशन में मथुरा प्रसाद महतो, शशांक शेखर भोक्ता, जयप्रकाश भाई पटेल, विनोद कुमार पांडेय, जय नारायण महतो, संजीव बेदिया, राज कुमार महतो, बोधन मांझी, अरविंद मुर्मू, अपूर्व सरकार, हराधन रजवार आदि मौजूद थे.
