चंदवा : शक्ति केंद्र कार्यकर्ता सम्मेलन में सीएम ने कहा, अबकी बार चार सौ पार

चंदवा/रांची : चंदवा प्रखंड के मोदी मैदान में भाजपा द्वारा आयोजित शक्ति केंद्र कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत ही राज्य व केंद्र में एनडीए की सरकार बनी. चतरा, पलामू व लोहरदगा के इस कलस्टर सम्मेलन से लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है. पीएम नरेंद्र मोदी के […]

चंदवा/रांची : चंदवा प्रखंड के मोदी मैदान में भाजपा द्वारा आयोजित शक्ति केंद्र कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत ही राज्य व केंद्र में एनडीए की सरकार बनी.
चतरा, पलामू व लोहरदगा के इस कलस्टर सम्मेलन से लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है. पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है. कार्यकर्ता ही हमारे राजदूत हैं. सरकार व ग्रामीणों के बीच ये समन्वय बनाते हैं. मुख्यमंत्री ने तमाम कार्यकर्ताओं से अबकी बार, 400 पार का नारा लगवाया.
कार्यकर्ता योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाएं: उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों, दलितों व महिलाओं की सुध लेने वाली पार्टी है. यहां जातिगत खेल नहीं होता.
हमारे कार्यकर्ता राज्य व केंद्र की लाभकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचायें. भाजपा किसी धर्म, किसी वर्ग या किसी संप्रदाय विशेष का विकास नहीं करती. यहां सबका साथ, सबका विकास की बात की जाती है. राज्य निर्माण के बाद लुंज-पुंज सरकारी व्यवस्था के कारण यहां काफी दिक्कतें आयी. हमें राज्य को सुधारना था. पूरी कड़ाई के साथ हमने कई कार्य करवाये हैं.
हालांकि इसमें हमारे कई कार्यकर्ता भी नाराज हुए है. उन्हें कष्ट हुआ होगा, पर राज्य को पटरी पर लाने के लिए यह कदम जरूरी था. वह उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से क्षमा मांगता हूं. राज्य में उग्रवाद खात्मे की ओर है. कमजोर शासन से कभी देश का भला नहीं होगा. गठबंधन का अर्थ सिर्फ लूट-खसोट व कुशासन ही होता है. चोरों की जमात इसके लिए जुटी है. ऐसे लोगों का प्रतिकार करें.
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही राज्य सरकार टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी का निर्माण करवायेगी. अप्रैल 2019 से किसानों को प्रतिवर्ष कुल ग्यारह हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से दिये जायेंगे. महागठबंधन के नेता मोदी-हटाओ, मोदी-हटाओ के नारे लगा रहे हैं. यह चोरों का संगठन है. ऐसे लोगों से देश व समाज को बचाने की जरूरत है. एक संकल्प के साथ हम सभी कार्यकर्ता यहां से जायें. फिर से मोदी सरकार के सपनों को साकार करें.
मौके पर झारखंड लोकसभा प्रभारी मंगल पांडेय, सांसद बीडी राम, सुनील सिंह, विधायक जयप्रकाश भोक्ता, राधाकृष्ण किशोर, हरेकृष्ण सिंह, आलोक चौरसिया, रामचंद्र चंद्रवंशी, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, खादी बोर्ड अध्यक्ष संजय सेठ, प्रदेश प्रवक्ता लाल प्रतुल नाथ शाहदेव, महामंत्री अनिल जैन, कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष उषा पांडेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >