रांची : इस माह शुरू हो जायेगा तीन स्मार्ट रोड का काम, चौथे के लिए जल्द होगा टेंडर

स्मार्ट सड़क को लेकर नगर विकास सचिव ने प्रोजेक्ट भवन में की बैठक कहा : नहीं होगा जमीन का अधिग्रहण, न मौजूदा चौड़ाई कम की जायेगी रांची : राजधानी रांची के लिए तीन महत्वपूर्ण सड़कों को स्मार्ट रोड में तब्दील करने का काम इस माह शुरू हो जायेगा. वहीं, चौथी स्मार्ट सड़क को लेकर नगर […]

स्मार्ट सड़क को लेकर नगर विकास सचिव ने प्रोजेक्ट भवन में की बैठक
कहा : नहीं होगा जमीन का अधिग्रहण, न मौजूदा चौड़ाई कम की जायेगी
रांची : राजधानी रांची के लिए तीन महत्वपूर्ण सड़कों को स्मार्ट रोड में तब्दील करने का काम इस माह शुरू हो जायेगा. वहीं, चौथी स्मार्ट सड़क को लेकर नगर विकास विभाग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं. राजधानी में बननेवाली स्मार्ट सड़क को लेकर बुधवार को नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह ने प्रोजेक्ट भवन मेंबैठक की.
सचिव ने स्पष्ट किया कि सड़क बनाने के लिए जमीन का अधिग्रहण नहीं होगा और न ही मौजूदा सड़क की चौड़ाई से इसे कम किया जायेगा. अफसरों ने बताया कि बिरसा चौक से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक, राजभवन से बिरसा चौक व राजभवन से कांटाटोली तक की सड़क का काम जनवरी में शुरू कराया जायेगा.
राजभवन से बूटी मोड़ तक की प्रस्तावित स्मार्ट रोड की सड़क का टेंडर जल्द कराया जायेगा. यह बताया गया कि इन सड़कों की चौड़ाई कम से कम सात मीटर व अधिकतम नौ मीटर होगी. बिरसा चौक से हरमू नदी तक सड़क किनारे जहां भी सरकारी जमीन है, वहां चौड़ाई बढ़ा दी जायेगी. इस तरह इसे कुछ जगहों पर छह लेन का बनाने का प्रयास होगा.
सड़कों के किनारे बनेंगे अंडरग्राउंड डक्ट : इन सड़कों के किनारे जमीन के नीचे ड्रेनेज, इलेक्ट्रिकल वायर, ओएफसी डक्ट, वाटर, सीवरेज व गैस पाइपलाइन होगी और उसके ऊपर साइकिल लेन व पैदल पाथवे का निर्माण होगा. सड़कों के किनारे लैंड स्केपिंग व विभिन्न पाथवे को अलग-अलग कलर से कलर कोडिंग की जायेगी.
स्मार्ट रोड में बिजली, पेयजल, सीवरेज-ड्रेनेज से लेकर एलपीजी पाइप लाइन को इंटीग्रेट करने की योजना है. इसको लेकर मुख्य सचिव के स्तर पर भी एक बैठक होगी. वहीं, उपायुक्त के स्तर पर एक को-ऑर्डिनेशन कमेटी का गठन, समय-समय पर कार्यों का मॉनिटरिंग कर सके. बैठक में विशेष सचिव अरविंद कुमार के साथ ही नगर विकास विभाग व जुडको के कई अधिकारी तथा तीनों सड़कों के निर्माण कंपनियों के पदाधिकारी मौजूद थे.
सड़क का नाम लंबाई लागत
बिरसा चौक-एयरपोर्ट रोड 2.55 किमी 42.52 करोड़
राजभवन से बिरसा चौक 8.85 किमी 162.7 करोड़
राजभवन से कांटाटोली चौक 2.88 किमी 92.99 करोड़
राजभवन से बूटी मोड़ 7.4 किमी (इसका टेंडर नहीं हुआ है)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >