रातू : ग्रामीण विकास विभाग (ग्रामीण कार्य मामले) राज्य संपोषित योजना अंतर्गत मनोनीत विधायक जीजे गॉल्सटन द्वारा स्वीकृत तीन करोड़ के दो पीसीसी पथ का शिलान्यास रविवार को सांसद रामटहल चौधरी व विधायक नवीन जायसवाल ने किया.
मौके पर सांसद ने कहा कि सड़क विकास का पैमाना होती है. क्षेत्र की सड़कें ठीक नहीं होने पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लगभग हर गांव में बिजली पहुंचाई जा चुकी है. वहीं सुरेंद्र पांडेय ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर लोगों से उसका लाभ लेने की अपील की.
इसके उपरांत 1.29 करोड़ की लागत से झिरी रोड कमड़े से वृंदावन कॉलोनी होते हुए एनएच-75 तक 1.87 किमी पथ व चार कल्वर्ट, 1140 मीटर नाली तथा धोनी के फॉर्म हाउस के समीप 1.70 करोड़ की लागत से सिमलिया रिंग रोड से सीआइडी कॉलोनी तक 2.46 किमी पीसीसी पथ का शिलान्यास किया गया. मौके पर जेम्स बोन खलखो, कृष्णा भगत, मुखिया मुकेश भगत, नीलम तिर्की, सुनील तिर्की, मंडल अध्यक्ष गोपाल प्रसाद, आजम अंसारी, नुरुल होदा, राजधन उरांव, देवेंद्र सिंह रमेश साहू, विक्रांत तिवारी, राजेश तिर्की, सत्यम राज कुशवाहा सहित अन्य उपस्थित थे.
