रांची : सपनों का भारत बनाने के लिए शिक्षा की अच्छी गुणवत्ता महत्वपूर्ण, आत्मविश्वास से परिपूर्ण हों बच्चे : प्रणब मुखर्जी

डीपीएस भागलपुर व ग्रेटर रांची के शिलान्यास समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए पूर्व राष्ट्रपति रांची : पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि हमारा लक्ष्य बच्चों को ऐसे व्यक्ति बनाने पर है, जो आत्मविश्वास से परिपूर्ण हों.अपने कार्य के लिए योजना बनाने और उन्हें पूरा करने में सक्षम हों. साथ ही इसकी जिम्मेदारी […]

डीपीएस भागलपुर व ग्रेटर रांची के शिलान्यास समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए पूर्व राष्ट्रपति
रांची : पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि हमारा लक्ष्य बच्चों को ऐसे व्यक्ति बनाने पर है, जो आत्मविश्वास से परिपूर्ण हों.अपने कार्य के लिए योजना बनाने और उन्हें पूरा करने में सक्षम हों. साथ ही इसकी जिम्मेदारी लेने के लिए भी तैयार हों.
हमें ऐसे विद्यार्थी तैयार करने हैं, जो योग्य हों, कुशल हों और समस्याओं को सुलझा सकते हों. मानसिक तौर पर विकसित हों और सतत बदलने वाली दुनिया की चुनौतियां स्वीकार करने के लिए तैयार हों. श्री मुखर्जी डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) भागलपुर व ग्रेटर रांची के शिलान्यास समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे़ कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को होटल बीएनआर चाणक्य में हुआ़
श्री मुखर्जी ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति व शिक्षाविद डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने कहा है कि शिक्षा का लक्ष्य सिर्फ सूचनाएं या तकनीकी ज्ञान अर्जित करना नहीं है. हालांकि ये आधुनिक समाज के लिए न सिर्फ महत्वपूर्ण हैं, बल्कि हमें तर्क शक्ति, मानसिकता और प्रजातंत्र की आत्मा भी विकसित करनी है, जो हमें एक जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं. अपने सपनों का भारत बनाने के लिए शिक्षा की अच्छी गुणवत्ता जरूरी है़
क्रिसमस व नववर्ष की शुभकामनाएं दी
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे खुशी है कि डीपीएस समूह पेशेवर प्रतिबद्ध तरीके से आत्मविश्वास से भरे, जीवंत और आधुनिक भारत का निर्माण कर रहा है़
क्रिसमस व नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए श्री मुखर्जी ने कहा कि ईसा मसीह ने प्रेम व दया की शिक्षा दी. द्वेष व घृणा से बचने की नसीहत दी़ वैश्विक आनंद और दया का संदेश दिया़ एक बेहतर भारत बनाने के लिए हमें उनका संदेश नये साल में ले जाना चाहिए़ स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ईमानदारी जरूरी है़
अंगिका डेवलपर्स सोसाइटी के शेखर दत्त ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से रांची को पूरे राज्य और देश में ऊंचाइयाें तक ले जाने में मदद मिलेगी़ डीपीएस भागलपुर व ग्रेटर रांची के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. इस अवसर पर संसदीय कार्य राज्य मंत्री सरयू राय, डॉ जेनी शबनम, विद्यार्थी, फैकल्टी मेंबर्स व अभिभावक मौजूद थे़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >