रांची : राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने कहा कि लालू प्रसाद के जेल जाने के बाद तेजस्वी यादव अच्छी तरह से पार्टी की कमान संभाल रहे हैं.
बिहार में राजद नंबर वन व टू प्लेयर है. अगर हम झारखंड की बात करते हैं, तो पर्दे के पीछे का नंबर वन प्लेयर की भूमिका में राजद रहा है. लालू प्रसाद की पहल पर झारखंड में महागठबंधन पर सहमति बनी है. उन्होंने कहा कि इवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठते रहे हैं. अगर हम बैलेट पेपर से चुनाव करायें तो क्या हर्ज है. श्री तिवारी मंगलवार को राजधानी रांची में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. वे एक शादी समारोह में हिस्सा लेने रांची आये थे.
मोदी की नीतियों के खिलाफ जनादेश : श्री तिवारी ने कहा कि तीन राज्यों के चुनाव में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के खिलाफ जनादेश दिया है.
इन चुनावों में नोटबंदी भी मुद्दा बना. भाजपा देश में कटुता फैला रही है. भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं को समाप्त करने पर तुली है. यही वजह है कि आरबीआइ गर्वनर उर्जित पटेल ने इस्तीफा दिया. सीबीआइ, न्यायपालिका, चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर अंकुश लगाया जा रहा है. तीन राज्यों में हार के लिए नरेंद्र मोदी जिम्मेवार हैं.
