43 जनप्रतिनिधियों पर थे 116 मामले, 39 में आरोपी बनाये गये
सात जनप्रतिनिधि बरी हो गये, छह को दोषी करार दिया गया
रांची : जनप्रतिनिधियों के खिलाफ चल रहे मामलों के संबंध में राज्य सरकार द्वारा पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट को रिपोर्ट भेजी गयी थी. इसमें 26 जनप्रतिनिधियों के खिलाफ 67 मामलों में अभी सुनवाई चल रही है.
इनमें से 21 मौजूदा विधायक हैं. इनमें 21 मौजूदा विधायकों में से सबसे ज्यादा 12 सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के हैं. इनमें चार मौजूदा मंत्री सरयू राय, लुइस मरांडी, राज पलिवार और रणधीर कुमार सिंह शामिल हैं. इसके अलावा झामुमो से नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन समेत तीन, झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी और विधायक प्रदीप यादव, बसपा और भाकपा माले से एक-एक व एक निर्दलीय विधायक के खिलाफ केस विचाराधीन है. जानकारी के मुताबिक राज्य में 43 जनप्रतिनिधियों पर 116 मामले थे. इनमें 39 मामलों में जनप्रतिनिधियों को आरोपी बनाया गया. सात जनप्रतिनिधि बरी हो गये. छह जनप्रतिनिधियों को दोषी करार दिया गया.
पांच सांसदों पर केस, तीन बरी
सांसदों की बात करें, तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (बिहार) और गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे बरी हो चुके हैं. वहीं पूर्व सांसद बाबूलाल मरांडी और सांसद विद्युत वरण महतो के खिलाफ दर्ज केस विचाराधीन है. कई विधायक ऐसे भी हैं, जिन पर एक से ज्यादा केस है. राज्य सरकार की रिपोर्ट की मानें तो 116 आपराधिक मामलों में से 43 जनप्रतिनिधियों के खिलाफ हैं. कई विधायक ऐसे हैं, जो एक या दो मामलों में तो बरी हो चुके हैं, लेकिन बाकी के मामलों में सुनवाई जारी है.
सबसे ज्यादा 10 केस विधायक निर्मला देवी के खिलाफ है. इनमें से नौ केस में सुनवाई चल रही है, जबकि एक मामले में निर्मला को दोषी पाये जाने की बात कही गयी है. सूची के मुताबिक सबसे पुराना केस वर्ष 2002 का है. हालांकि रामगढ़ में दर्ज इस केस में आरोपी बनाये गये मौजूदा जल संसाधन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी को कोर्ट से बरी किया जा चुका है.
इनके मामले हैं विचाराधीन
नाम केस स्थिति
नारायण दास 02 में बरी एक में ट्रायल
राधाकृष्ण किशोर 01 सुनवाई जारी
नवीन जायसवाल 05 में बरी दो में ट्रायल
सरयू राय 01 सुनवाई जारी
साधु चरण महतो 03 सुनवाई जारी
गणेश गंझू 01 सुनवाई जारी
संजीव सिंह 02 सुनवाई जारी
लुईस मरांडी 01 सुनवाई जारी
राज पलिवार 04 में बरी 02 में ट्रायल
रणधीर सिंह 02 में बरी 1 में ट्रायल
ताला मरांडी 01 सुनवाई जारी
अशोक भगत 02 सुनवाई जारी
प्रदीप यादव 07
शशिभूषण समद 01
हेमंत सोरेन 04
जगरनाथ महतो 01
देवेंद्र सिंह 03
इरफान अंसारी 04
शिवपूजन मेहता 03
भानुप्रताप शाही 01
राजकुमार यादव 01
छह जनप्रतिनिधि दोषी करार
नाम केस में दोषी केस में बरी अंडर ट्रायल
अमित कु महतो 02 02 04
एनोस एक्का 01 — 04
निर्मला देवी 01 — 09
योगेंद्र महतो 01 — 01
ढुल्लू महतो 01 01 01
बादल पत्रलेख 01 — —
