रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो 26 नवंबर को गुमला जिले के बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र से स्वराज स्वाभिमान यात्रा के तीसरेे चरण की शुरुआत करेंगे. यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. तीसरेे चरण की यह यात्रा 52 गांवों से गुजरेगी. इस दौरान सुदेश महतो 84 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे. साथ ही जगह-जगह चौपाल और साझा संवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा.
बिशुनपुर के बाद 28 और 29 नवंबर को लोहरदगा में यात्रा निकलेगी. लोहरदगा के बाद यात्रा सिमरिया होते हुए एक दिसंबर को बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी. इसके अगले दिन दो दिसंबर को बड़कागांव में यात्रा विभिन्न गांवों से गुजरेगी. इस दौरान जगह-जगह चौपाल लगाया जायेगा.
केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो इस दौरान झारखंड के आंदोलनकारी, गांव और जमीन से जुड़े बुद्धिजीवी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला, सामाजिक कार्यकर्ता के साथ सीधी बात करेंगे. साथ ही आम आदमी और कार्यकर्ता के साथ भोजन करेंगे.
गौरतलब है कि श्री महतो ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर दो अक्तूबर से स्वराज स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत मांडू से की थी. पहले और दूसरे चरण में 19 दिनों की यात्रा के दौरान मांडू, गोमिया, बेरमो, डुमरी, टुंडी, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसावां, सरायकेला, ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग चार सौ गांवों से सुदेश महतो गुजर चुके हैं. इस दौरान 175 किलोमीटर की पदयात्रा की है.
- बिशुनपुर से निकलेंगे पदयात्रा पर सुदेश, 52 गांवों से गुजरेंगे
- जगह-जगह साझा संवाद और चौपाल की हो रही है तैयारी
