रांची विवि प्रशासन का निर्देश. कोई मान्य आइडी दिखा कर विद्यार्थी कर सकेंगे मतदान
चुनाव की तैयारी को लेकर निर्वाची पदाधिकारियों की हुई बैठक, दिये गये आवश्यक दिशा-निर्देश
चुनाव प्रचार करने के लिए उम्मीदवारों को कॉलेजों में जगह उपलब्ध कराने का दिया गया निर्देश
रांची : रांची विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में विद्यार्थी के पास अगर परिचय पत्र नहीं है, तो वे दूसरा कोई मान्य आइडी दिखा कर अपने मतदान का प्रयोग कर सकेंगे. उम्मीदवारों को कॉलेजों में चुनाव प्रचार के लिए जगह उपलब्ध कराने को कहा गया है. चुनाव की तैयारी को लेकर शुक्रवार को विश्वविद्यालय के पदाधिकारी व निर्वाची पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
सभी निर्वाची पदाधिकारी को चुनाव से संबंधित आवश्यक कागजात उपलब्ध कराये गये. सभी कॉलेजों में चुनाव को लेकर पांच सदस्यीय शिकायत निवारण कोषांग का गठन करने के लिए कहा गया.
सभी निर्वाची पदाधिकारी को अपने जिला प्रशासन, पुलिस व अनुमंडल पदाधिकारी को चुनाव से संबंधित जानकारी देने को कहा गया. रांची विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए जारी वोटर लिस्ट पर आपत्ति दर्ज कराने की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त हो गयी. 24 नवंबर को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जायेगी. कॉलेज व पीजी विभाग के चुनाव के लिए 26 नवंबर से नामांकन पत्र दाखिल होगा. 28 नवंबर को नामांकन पत्र की स्क्रूटनी की जायेगी. छात्र संघ चुनाव में 14 अंगीभूत कॉलेज, पीजी विभाग, आरटीसी बीएड कॉलेज व केओ कॉलेज रातू में चुनाव हो रहा है.
प्रत्येक कॉलेज से अलग-अलग पद के लिए पांच प्रतिनिधि का चयन किया जायेगा. कुल 85 प्रतिनिधि चयनित होंगे. कॉलेज स्तर पर चयनित प्रतिनिधि विश्वविद्यालय स्तरीय चुनाव में भाग लेंगे. बैठक में रांची विश्वविद्यालय की प्रतिकुलपति प्रो कामिनी कुमार, डीएसडब्ल्यू डॉ पीके वर्मा, जन सूचना पदाधिकारी पीके झा, डोरंडा कॉलेज के प्राचार्य डॉ वीएन तिवारी, मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ एएन ओझा समेत अन्य कॉलेज के निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित थे.
लाइट ब्लू होगा अध्यक्ष के बैलेट का रंग : छात्र संघ चुनाव में प्रयोग होने वाले बैलेट पेपर के रंग का भी निर्धारण कर दिया गया. अध्यक्ष पद के चुनाव का बैलेट पेपर लाइट ब्लू, उपाध्यक्ष का लाइट यलौ, सचिव का पिंक, संयुक्त सचिव का सफेद व उप सचिव के चुनाव के लिए बैलेट पेपर का रंग लाइट ग्रीन होगा.
विवि छात्र संघ चुनाव को लेकर संघ ने कमेटी का किया गठन
रांची : झारखंड छात्र संघ की बैठक शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में केंद्रीय अध्यक्ष एस अली की अध्यक्षता में हुई. इसमें निर्णय लिया गया कि संघ रांची विवि छात्र संघ चुनाव में अपना प्रत्याशी देगा. चुनाव को लेकर 17 सदस्यीय चुनाव संयोजक कमेटी का गठन किया गया. कमेटी में लतीफ आलम, रंजीत उरांव, जियाउद्दीन अंसारी, अरविंद लकड़ा, रहमतुल्लाह अंसारी, लालचंद महतो, शाहबाज अहमद, आफताब आलम, सुधीर टेटे, अमर कुमार, संजय साहू आदि शामिल हैं.
रांची : डीएसपीएमयू में आज से चुनाव आचार संहिता लागू
आज जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट, कल तक मिलेगा नामांकन पत्र
छात्र संघ चुनाव को लेकर दो पदाधिकारियों की हुई प्रतिनियुक्ति
रांची : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव को लेकर जारी वोटर लिस्ट पर आपत्ति दर्ज करने की समय अवधि शुक्रवार को समाप्त हो गयी. शनिवार को फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के साथ चुनाव की अधिसूचना जारी हो जायेगी.
शनिवार से चुनाव आचार संहिता भी लागू हो जायेगी. चुनाव को लेकर नामांकन पत्र का वितरण भी शुरू हो जायेगा. नामांकन पत्र 25 नवंबर तक दिया जायेगा. विश्वविद्यालय में प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव होगा. अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव व सचिव पद के लिए चुनाव होगा. नामांकन पत्र की कीमत 100 रुपये निर्धारित की गयी है. चुनाव प्रक्रिया दस दिनों के अंदर पूरी कर ली जायेगी.
प्रत्याशी तीन दिसंबर शाम चार बजे तक चुनाव प्रचार कर सकेंगे. चार दिसंबर को मतदान व पांच को मतगणना होगी. छह दिसंबर को नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा. चुनाव को लेकर डॉ एके गोबिल को मतगणना पदाधिकारी बनाया गया है. विश्वविद्यालय में आठ मतदान केंद्रों पर चुनाव होगा.
