रांची : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने विवि, महाविद्यालयों व संस्थानों में नामांकन के समय राशि वापसी के संबंध में गाइड लाइन जारी की है. यूजीसी के सचिव ने इसे सभी विवि, कॉलेजों व संस्थानों के लिए आवश्यक बताया है. सचिव प्रो रजनीश जैन के अनुसार कई विद्यार्थियों व अभिभावकों की शिकायत के बाद यूजीसी ने गाइडलाइन जारी की है.
इसके तहत विवि/कॉलेजों/संस्थानों द्वारा किसी भी वर्ग या कोर्स में नामांकन की अंतिम तिथि से 15 दिन पहले अपना नाम वापस लेना चाहते हैं, तो उन्हें सौ प्रतिशत राशि वापस मिलेगी.
इसी प्रकार नामांकन की अंतिम तिथि जारी रहने के 15 दिन से कम समय में नाम वापस लेने पर विद्यार्थी को 90 प्रतिशत राशि वापस की जायेगी. नामांकन की अंतिम तिथि जारी किये जाने से 15 दिन या कम समय में नाम वापस लेने पर 80 प्रतिशत राशि वापस होगी. नामांकन की अंतिम तिथि से 15 दिन से अधिक या 30 दिन से कम समय पर नाम वापस लेने पर 50 प्रतिशत राशि वापस होगी, लेकिन नामांकन की अंतिम तिथि से 30 दिनों के बाद नामांकन वापस लेने पर कोई राशि वापस नहीं की जायेगी.
