पीएफ और इएसआइ की मांग पर फिर आंदोलन
रांची :एस्सेल इंफ्रा के हरमू स्थित एमटीएस के 170 सफाई कर्मचारियों ने पीएफ की राशि और इएसआइ जमा नहीं करने के कारण मंगलवार को काम करने से मना कर दिया. इसकी सूचना मिलने के बाद उप नगर आयुक्त संजय कुमार, हेल्थ ऑफिसर किरण कुमारी हरमू एमटीएस पहुंचे और सफाईकर्मियों की समस्या सुनी.
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कंपनी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे सभी 900 कर्मचारियों के पीएफ और इएसआइ की पूरी लिस्ट दें. उन्होंने यह निर्देश भी दिया कि हर महीने के 10 तारीख तक नियमित रूप से वेतन का भुगतान कर दें.
सफाईकर्मियों की बनायी जायेगी कमेटी : उप नगर आयुक्त ने कहा कि सभी एमटीएस के चार पांच कर्मियों को मिलाकर एक कमेटी बनायी जायेगी. इस कमेटी के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक की जायेगी. इसमें जो भी समस्याएं आयेंगी, उन्हें दूर किया जायेगा. हमारी कोशिश होगी कि अब हड़ताल की स्थिति उत्पन्न ही न हो.
