रांची : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व लोकसभा चुनाव के प्रभारी अरुण सिंह पिछले दो दिनों से रांची में कैंप कर रहे है. राष्ट्रीय महामंत्री ने प्रदेश के नेताओं से केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय किये गये कार्यों का जायजा लिया. बूथ स्तर पर केंद्रीय नेतृत्व के टास्क की समीक्षा हुई. केंद्रीय नेतृत्व ने 19 सूत्री कार्य सौंपा है, उस पर नेताओं-पदाधिकारियों से हिसाब मांगा.
पार्टी ने पिछले दो दिनों में सभी 14 लोकसभा सीटों पर सांगठनिक स्थिति को लेकर चर्चा की. राष्ट्रीय महामंत्री ने लोकसभा टोली, लोकसभा प्रभारी, विधानसभा स्तर पर बनी टोली से रिपोर्ट ली. बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम बढ़ा कर 25 तक करने को कहा गया है. इसके साथ ही उस बूथ पर अलग-अलग कार्यों के लिए प्रभारी बनाये जायेंगे. लाभार्थियों को गोलबंद करने के लिए सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे.
मुख्यमंत्री भी पहुंचे बैठक में : लोकसभा की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास भी पहुंचे. श्री दास रांची, लोहरदगा, कोडरमा, गोड्डा, दुमका और राजमहल लोकसभा की समीक्षा बैठक में रहे. श्री दास ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें. हर बूथ जीतने की कोशिश करे़ं बूथ जीतेंगे, तो चुनाव जीतेंगे.
उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के कार्यों को समय सीमा के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया. इधर, संगठन महामंत्री अरुण सिंह ने कहा है कि पार्टी पिछले दो वर्षों से तैयारी कर रही है. हम सांगठनिक तैयारी में दूसरे दलों से आगे हैं. राज्य के सभी बूथों पर हमारी तैयारी होगी़
सांसद, विधायक और पदाधिकारी रहे मुस्तैद : लोकसभावार समीक्षा में संबंधित क्षेत्र के सांसद, विधायक और पदाधिकारी पूरी रिपोर्ट लेकर पहुंचे. क्षेत्र के सांसदों ने विकास कार्यों से लेकर क्षेत्र में किये गये कार्यों की जानकारी दी.
अरुण सिंह से मिले भाजयुमो के पदाधिकारी : दूसरी तरफ भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह से राजकीय अतिथिशाला में मुलाकात की. भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में मिलने पहुंचे पदाधिकारियों ने उन्हें सांगठनिक गतिविधियों की जानकारी दी. साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों के बारे में बताया.
राष्ट्रीय महामंत्री को आश्वास्त किया कि संगठन चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है. पूरी निष्ठा के साथ पदाधिकारी काम में जुटेंगे. राज्य की सभी 14 सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्वित कराने में भूमिका निभायेंगे. भाजयुमो के अभिषेक सिंह, संजय पोद्दार, रितेश तिवारी, सूर्य प्रभात, रोमित राज, लाल रणजीत नाथ शाहदेव, कुमार अमन, नीतेश राजपूत, विवेक कुमार सहित कई कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री से मुलाकात की़
