रांची : कोतवाली पुलिस की टीम ने कचरा चुनने के बहाने रात में घर में घुस कर चोरी करने और चोरी का सामान खरीदने के आरोप में तीन नाबालिग सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में नया सराय निवासी मो शौकत, कडरू निवासी रोहित तिर्की, काली मंदिर गली निवासी मो मिराज, हिंदपीढ़ी निवासी मो उस्मान और मछली पट्टी अपर बाजार निवासी सूरज शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर मंगलवार को पूछताछ के बाद पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. वहीं तीन नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार 25 सितंबर की देर रात नार्थ मॉर्केट अपर बाजार में एक घर में चोरी हुई थी. चोरी करने वाले खिड़की की जाली तोड़ कर अंदर घुसे और एलइडी टीवी, मोबाइल फोन और बर्तन की चोरी कर भाग निकले. मामले में 28 सितंबर को केस दर्ज किया गया.
छापेमारी के लिए कोतवाली इंस्पेक्टर श्यामानंद मंडल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. पुलिस ने पहले संदेह के आधार पर मो शौकत, रोहित तिर्की और मो मिराज उर्फ बंगाली को गिरफ्तार किया.
उन्होंने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. आरोपियों ने बताया कि वह चोरी का सामान बेच चुके हैं. बर्तन लेक रोड स्थित मो उस्मान की कबाड़ी दुकान में 900 रुपये में और एलइडी टीवी अपर बाजार टांड़ में चाय-नाश्ता की दुकान लगाने वाले सूरज कुमार सिंह को 800 रुपये में बेची गयी है.
सामान बेचने के बाद मिले रुपये को सभी ने आपस में बांट लिया. चोरी का एक फोन रोहित तिर्की के पास से और दूसरा फोन शौकत के पास से बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार आरोपी अमूमन रात में फ्लैट और दुकान के पास कचरा चुनने के नाम पर जाते थे और चोरी की घटना को अंजाम देते थे.
