जहरीली शराबकांड : हातमा में जहरीली शराब से मौत के बाद पुलिस सक्रिय, पांच को किया गिरफ्तार

राजधानी व आसपास के इलाके में रविवार रात से सोमवार की देर रात तक होती रही छापेमारी विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के ठिकानों पर हुई छापेमारी, अवैध शराब भी बरामद रांची : गोंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत हातमा बस्ती में जहरीली शराब से हुई मौत के बाद एक बार फिर से रांची पुलिस अवैध […]

राजधानी व आसपास के इलाके में रविवार रात से सोमवार की देर रात तक होती रही छापेमारी
विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के ठिकानों पर हुई छापेमारी, अवैध शराब भी बरामद
रांची : गोंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत हातमा बस्ती में जहरीली शराब से हुई मौत के बाद एक बार फिर से रांची पुलिस अवैध शराब बेचने वाले कारोबारियों के खिलाफ सक्रिय हो गयी है. राजधानी और आसपास के इलाके में रविवार की रात से शुरू हुई छापेमारी सोमवार की देर रात तक चलती रही. इस दौरान शराब के साथ पांच से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया.
डोरंडा पुलिस ने रविवार की देर रात हुंडरू में छापेमारी की. वहां से पुलिस ने अवैध शराब बेचने के आरोप में बाल चंद साव को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके घर से शराब बनाने में प्रयुक्त 180 लीटर स्प्रिट, एक हजार पाउच देशी शराब बरामद किये हैं. पुलिस ने बालचंद के खिलाफ केस दर्ज कर सोमवार को उसे जेल भेज दिया. वहीं दूसरी ओर कोतवाली पुलिस ने चडरी में बीनू मुंडा के घर में छापेमारी कर 150 लीटर शराब बरामद की. इस मामले में भी केस दर्ज किया गया है. बरियातू पुलिस ने लखराज गली मोरहाबादी में छापेमारी कर अवैध शराब रखने के आरोप में संजय गोप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस ने उसके पास से 25 लीटर शराब बरामद की है.
इधर, लोअर बाजार पुलिस ने चुनवा टोली में छापेमारी कर अवैध तरीके से देशी शराब बेचने के आरोप में एनुल अली को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से 12 लीटर शराब भी बरामद किया है.
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सोमवार को उसे जेल भेज दिया. पंडरा पुलिस ने अवैध शराब बेचने के आरोप में संतोष गाड़ी और राजेश को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से 21 बोतल बियर और इतनी ही मात्रा में शराब की बोतल बरामद की है. इसके अलावा अन्य स्थानों में भी पुलिस ने छापेमारी कर महुआ शराब को नष्ट किया है.
चुटिया पुलिस को चेकिंग करते देख शराब बेचने वाले सोमवार की सुबह 20 लीटर शराब फेंक कर भाग निकले. पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे. इसी तरह धुर्वा, जगन्नाथपुर और पुंदाग पुलिस सहित अन्य थानों की पुलिस ने भी अवैध तरीके से शराब बेचने वालों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. उल्लेखनीय है कि पिछले साल सितंबर माह में जहरीली शराब से मौत के बाद पुलिस इसी तरह सक्रिय हुई थी और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी शुरू की गयी थी.
सरकार से नशापान पर रोक लगाने की मांग
रांची. प्रगतिशील नागपुरी समाज ने सरकार से नशापान पर रोक लगाने की मांग की है. हातमा घटना पर समाज के लोगों ने चिंता जतायी है. समाज के अध्यक्ष नरेश चंद्र कार्जी ने कहा है कि इस तरह की घटना समाज के लिए शर्मनाक है. पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए.
रांची : शवों का पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने किया इनकार
रांची : जहरीली शराब से मरनेवाले पिंटू ठाकुर व पारस ठाकुर का शव लेकर परिजन जब रिम्स से हातमा पहुंचे, तब पुलिस दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराना चाहती थी. लेकिन परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया. शव के अंतिम संस्कार के लिए भी परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने वाहन की व्यवस्था की.
अंतिम संस्कार के लिए पिंटू ठाकुर का शव ले जाने के दौरान उसकी मां गोंदा थाना के पुलिस पदाधिकारी का पैर पकड़ कर रोने लगी. वह बार-बार कह रही थी कि आपलोगों ने मेरे बेटे को नहीं बचाया.
इसके बाद स्थानीय लोगों ने महिला को शांत कराया. पुलिस की आरंभिक जांच में जो बात सामने आयी है, उसके अनुसार बिल्लू मिर्धा, पिंटू ठाकुर और अशोक राम की मौत तबीयत खराब होने व अवैध शराब के सेवन की वजह से हुई है, जबकि पारस ठाकुर, प्रयाग नागरथी की मौत के मामले में पुलिस ने पाया कि उनकी मौत शराब के सेवन की वजह से नहीं हुई है.
फूलमणि को रविवार को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था. उनकी तबीयत खराब होने के पीछे शराब का सेवन करने की बात सामने आयी थी. घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस की टीम ने हातमा के विभिन्न इलाके में अवैध शराब की बरामदगी को लेकर छापेमारी भी की. स्थानीय लोगों को शराब का सेवन नहीं करने को लेकर प्रेरित भी किया.
पुलिस की मदद से हुआ अंतिम संस्कार
मृतकों की सूची
फूलमणि देवी : 70 वर्ष
अशोक मिर्धा : 70 वर्ष
बिल्लू मिर्धा : 54 वर्ष
पिंटू ठाकुर : 26 वर्ष
पारस ठाकुर : 50 वर्ष
प्रयाग नागरथी : 56 वर्ष
विजय मिर्धा : 43 वर्ष

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >