रांची : रातू मंडल भाजपा के महामंत्री सह रवि स्टील चौक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह(45) को बाइक पर आये तीन अपराधियों ने रविवार रात साढ़े आठ बजे गोली मार दी़ देवेंद्र को प्रसाद पेट्रोल पंप के पास गोली मारी गयी़
अपराधियों ने उन पर तीन गोलियां चलायी. दो गोली उनके बुलेट में लगी है, जबकि एक उनकी कमर में लगी. उन्हें तुरंत रिम्स ले जाया गया़ चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति खतरे के बाहर है, लेकिन वेट एंड वाच में रखा गया है़ सूचना मिलते हटिया विधायक नवीन जायसवाल सहित भाजपा महानगर अध्यक्ष मनोज मिश्र, रातू मंडल अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता रिम्स पहुंचे़
इधर भाजपा नेता को गोली मारने की सूचना पाकर एसएसपी अनीश गुप्ता, सिटी एसपी अमन कुमार, डीएसपी विजय सिंह, सीआइडी इंस्पेक्टर मो निहाल रिम्स पहुंचे़ जबकि घटनास्थल पर सीआइडी की टीम, एफएसएल का डाॅग स्क्वायड की टीम पहुंची.
इसके बाद आइजी नवीन सिंह, डीआइजी एवी होमकर भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली़ बूथ कमेटी की मीटिंग कर लौट रहे थे : इधर घटना के संबंध में विधायक नवीन जायसवाल ने बताया कि कमड़े स्थित द्वारिका पुरी निवासी देवेंद्र सिंह नवा सोसो से बूथ कमेटी की मीटिंग कर लौट रहे थे़
रवि स्टील चौक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष होने के नाते वह रवि स्टील में सदस्याें से बातचीत करने जा रहे थे़ उसी क्रम में उन्हें गोली मारी गयी़ जायसवाल ने बताया कि देवेंद्र सिंह ठेकेदारी भी करते है़ं हालांकि किस विवाद में उन्हें गोली मारी गयी है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है़
पत्नी और दो बच्चे भी रिम्स पहुंचे : घटना की सूचना मिलते ही देवेंद्र सिंह की पत्नी और दो बच्चे भी रिम्स पहुंचे़ वहीं भाजपा नेता जेम्स बांड खलखो, जितेंद्र पांडेय, लोटन चौधरी सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी रिम्स पहुंचे़
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रांची आगमन को लेकर रविवार को शहर के 34 जगहों पर चेकिंग चल रही थी. लेकिन अपराधी आसानी से गोली चला कर निकल गये. सीएम हाउस के समीप हत्या का मामला अब तक सुलझा नहीं था कि अपराधियों ने एक और घटना को अंजाम दे दिया.
