कांके : थाना क्षेत्र के बोड़ेया रोड स्थित अरबी कॉम्पलेक्स में मुत्थुट अोवरसीज प्राइवेट लिमिटेड नामक फर्जी कंपनी खोलकर विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर लगभग 200 बेरोजगार युवकों से कंपनी के संचालक उत्तर प्रदेश निवासी आमिर गाजी ने 80 लाख रुपये की ठगी कर ली. भुक्तभोगियों ने कंपनी का कार्यालय रातोंरात बंद होने पर कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी. भुक्तभोगी युवकों ने संचालक पर कार्रवाई की मांग व डूबे रुपये दिलाने की फरियाद इंस्पेक्टर राजीव रंजन से की है.
दर्ज प्राथमिकी में धुर्वा निवासी आसिफ अनवर सहित 10 युवकों ने कहा है कि फरवरी माह में यह कंपनी खुली थी. इस कंपनी ने खाड़ी देश सहित अन्य देशों में नौकरी दिलाने का विज्ञापन सोशल मीडिया पर दिया था.
हमलोगों ने इसे सही समझकर कंपनी के बोड़ेया स्थित कार्यालय में जाकर संपर्क किया, तो संचालक आमिर गाजी व कर्मचारियों ने लगभग 20 देशों में 10 तरह के विभिन्न पदों पर नौकरी हेतु रिक्तियां बतायी. फिर संचालक ने नौकरी के लिए पहली किस्त के लिए लगभग 40 हजार रुपये मांगे. हमलोगों ने विश्वास करके आमिर गाजी के एक्सीस बैंक के खाता संख्या 918010044856556, यस बैंक के खाता संख्या 024850700000618 पर प्रथम किस्त की राशि जमा कर दी. इसमें से लगभग 20 से 25 युवकों को चार सितंबर को कोलकाता जाकर फ्लाइट पकड़कर विदेश जाने हेतु बोड़ेया कार्यालय बुलाया गया था.
जब हमलोग वहां पहुंचे, तो काफी देर इंतजार के बाद भी कार्यालय को बंद पाया. इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की गयी, तो ग्रामीणों ने बताया कि आमिर गाजी कार्यालय हमेशा के लिए बंद करके चले गये हैं. इसके बाद पीड़ित युवक जुटे और कांके थाना में इसकी लिखित जानकारी दी. बताते चलें कि सभी बेरोजगार युवक गरीब परिवार से व मुस्लिम समुदाय के हैं. ठगी के शिकार युवक झारखंड, बिहार व कोलकाता के बताये जाते हैं.
