रांची : डीएसपी थानेदार से मांग रहे हैं वर्दी और जूता होटल में कमरा बुक कराने का भी दिया निर्देश

थानेदार के मना करने पर डीएसपी ने कहा, होटलवाले को मेरे ऑफिस भेजो रांची : राजधानी में हाल के दिनों में एक प्रशिक्षु आइपीएस सहित डीएसपी रैंक के कई अफसरों की पोस्टिंग सरकार ने की है. सभी डीएसपी ने अपने पद पर योगदान भी दे दिया है. लेकिन अभी तक किसी भी डीएसपी का नाम […]

थानेदार के मना करने पर डीएसपी ने कहा, होटलवाले को मेरे ऑफिस भेजो
रांची : राजधानी में हाल के दिनों में एक प्रशिक्षु आइपीएस सहित डीएसपी रैंक के कई अफसरों की पोस्टिंग सरकार ने की है. सभी डीएसपी ने अपने पद पर योगदान भी दे दिया है. लेकिन अभी तक किसी भी डीएसपी का नाम क्राइम कंट्रोल को लेकर चर्चा में नहीं आया है. पर राजधानी में पदस्थापित एक नये डीएसपी थानेदारों से अपनी डिमांड को लेकर चर्चा में आ गये हैं.
हालांकि किसी थानेदार ने डीएसपी की मांग से परेशान होकर कोई शिकायत अपने सीनियर पुलिस अधिकारियों के पास नहीं की है. जानकारी के मुताबिक डीएसपी ने एक थानेदार से चार सेट वर्दी सहित अन्य सामान और जूता खरीद कर पहुंचाने की डिमांड की है. थानेदार ने जब वर्दी और जूता खरीद कर पहुंचाने की डिमांड को स्वीकार कर लिया, तब उनसे होटल में दो कमरा बुक कराने के लिए कहा गया.
मांग बढ़ती देख थानेदार ने डीएसपी को स्पष्ट जवाब दिया कि सर, होटल में एक कमरा बुक करवा देंगे. दो कमरा कोई नहीं देगा. यह मेरे बस की बात भी नहीं. इस पर डीएसपी ने थानेदार से कहा कि होटलवालों को मेरे ऑफिस मीटिंग के लिए भेजो. तब थानेदार ने डीएसपी ने कहा….यह काम मुझसे नहीं हो सकता है.
और भी बहुत कुछ मांग कर चुके हैं डीएसपी
बात यहीं खत्म नहीं हो गयी. जब डीएसपी ने एक दूसरे थानेदार से राजधानी के एक बड़े होटल में दो कमरा बुक कराने को कहा, तो उस थानेदार ने दूसरे थानेदार से संपर्क किया.
उन्हें सलाह दी गयी एक कमरा बुक करवा दीजिए. हालांकि पुलिस के बीच इस बात की भी चर्चा है कि डीएसपी ने संबंधित थानेदार से मॉड्यूलर किचन सेट, सोफा और बाथरूम में नया टाइल्स भी लगाने के लिए कहा है. हालांकि इसकी पुष्टि किसी पुलिस अधिकारी ने नहीं की है. एक पुलिस अफसर से संपर्क करने पर उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि यह हमारा अंदरूनी मामला है. इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकते हैं. संभवत: रिपेयरिंग के लिए कहा गया हो.
बॉडीगार्ड से पूछा, डीएसपी से कोई मिलने नहीं आता है क्या ?
चर्चा इस बात की भी है कि डीएसपी अपने बॉडीगार्ड से यह भी पूछ चुके हैं कि डीएसपी से कोई मिलने नहीं आता है क्या? हमसे पहले जो डीएसपी थे, वह कैसे काम करते थे? उनके पास कोई आता नहीं था क्या? देखो इलाके के लोगों को मिलने के लिए भेजो़ एक सीनियर पुलिस अधिकारी के अनुसार डीएसपी अनुचित मांग को लेकर पहले से चर्चा में रहे हैं.
एक बार उनका नाम दूसरे जिला में रहते हुए लकड़ी की अवैध रूप से तस्करी कराने में सामने आ चुका है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अगर डीएसपी की मांगें बढ़ती रही, तो थानेदार इसकी शिकायत डीआइजी से कर सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >