रविवार की रात चुटूपालू चेकपोस्ट के समीप हुई घटना
ओरमांझी : रविवार की रात करीब 8.30 बजे चुटूपालू चेकपोस्ट के समीप पप्पू बस की चपेट में आने से बाइक सवार रामदेव यादव (पिता जटाशंकर यादव) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
मिली जानकारी के अनुसार रामदेव यादव चुटुपालु चेकपोस्ट में पीसीआर 15 का चालक था. वह नौ बजे से ड्यूटी करने के लिए रांची से अपाची बाइक (जेएच01सीक्यू-0602) से चुटूपालू जा रहा था. जैसे ही वह चुटूपालू चेकपोस्ट के समीप पहुंचा, तभी रोड पार करने के क्रम में पीछे से आ रही बस ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया.
जिससे रामदेव की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. दुर्घटना के बाद चुटुपालु के ग्रामीणों ने एनएच-33 जाम कर दिया. ग्रामीण घटनास्थल पर डीजीपी को बुलाने की मांग कर रहे थे. जानकारी मिलने पर ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने का अथक प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण किसी बात को सुनने को तैयार नहीं थे. बाद में थाना प्रभारी संतोष कुमार ने ग्रामीणों को समझा कर रात 10.30 बजे जाम हटवाया़ इसके बाद शव को ओरमांझी थाना ले जाया गया़
सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा़ ग्रामीणों में इस बात को लेकर रोष था कि चेकनाका के समीप घटना होने के बावजूद पुलिस मृतक की पहचान नहीं कर पा रही है. ग्रामीणों के दबाव पर पुलिस ने मृतक का पॉकेट चेक किया, तो उसमें मिले आइकार्ड से उसकी पहचान हुई. इधर, रामगढ़ पुलिस ने दुर्घटना के बाद भाग निकली पप्पू बस को रामगढ़ में पकड़ लिया.
