रांची : कोतवाली पुलिस ने शनिवार को अपर बाजार स्थित एक होटल में नाबालिग छात्राओं के होने की सूचना पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने दो छात्राआें और दो युवकाें को पकड़ने के बाद पूछताछ के लिए उन्हें लेकर कोतवाली थाना पहुंची. घटना की जानकारी मिलने पर छात्रा के परिजन भी थाना पहुंचे. उन्होंने अनुरोध किया कि अगर पुलिस कार्रवाई करती है, तो छात्राओं का जीवन बर्बाद हो जायेगा. जिसके बाद पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया. पुलिस के अनुसार दो लड़कियों में से एक प्रतिष्ठित स्कूल तो दूसरी प्रतिष्ठित कॉलेज की छात्रा है.
वहीं एक युवक हजारीबाग का रहने वाला है, जबकि दूसरा डेली मार्केट में दुकान चलाता है. बताया जाता है कि दोनों छात्राएं स्कूल-कॉलेज जाने के बहाने घर से निकली थीं, लेकिन वहां न जाकर युवकों के साथ होटल चली गयीं. छात्राएं नाबालिग हैं, इसलिए उनसे यह भी जानकारी ली गयी कि उनके साथ कुछ गलत तो नहीं हुआ. लेकिन छात्राओं ने कुछ भी नहीं बताया. इसलिए पुलिस ने उनसे लिखित शिकायत लेकर मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की. पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया.
