किसानों ने तेल अविव शहर में कई फार्म का किया भ्रमण
रांची : झारखंड से किसानों की 26 सदस्यीय और अधिकारियों की छह सदस्यीय टीम इजराइल पहुंच गयी है. टीम के सदस्यों ने सोमवार को इजराइल के तेल अविव शहर में खेती की नयी-नयी तकनीक की जानकारी ली.
टीम के सदस्यों को ग्रीन हाउस में अनार और नाशपाती की खेती भी दिखायी गयी. द बीइट याजाहक वहां के सबसे बड़े ग्रीन हाउस फार्म में से एक है. यहां कृषि की उन्नत तकनीक का इस्तेमाल कर फलों और सब्जियों की खेती की जा रही है. यहां कम से कम पानी में खेती हो रही है. ग्रीन हाउस में कम बीज में ज्यादा पैदावार दिखाया गया.
किसानों को दिखाया गया कि कैसे कंप्यूटर के सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर के प्रयोग से पानी, खाद और पर्यावरण को नियंत्रित किया जा सकता है.
किसानों को गेन योहश्या में सूखारोधी अनार की खेती दिखायी गयी. यहां डीप इरीगेशन के माध्यम से अनार की खेती के बारे में बताया गया. भोजनावकाश के बाद किसानों को नान डेन जैन का दौरा कराया गया.
यहां किसानों को डीप इरीगेशन टेक्नोलॉजी की जानकारी दी गयी. टीम में कृषि निदेशक रमेश घोलप, उद्यान निदेशक विजय कुमार, संयुक्त कृषि निदेशक सुभाष कुमार सिंह के अतिरिक्त गढ़वा की उपायुक्त नेहा अरोड़ा और हजारीबाग के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला भी शामिल हैं.
