अनगड़ा : एनडीआरएफ की टीम ने चार घंटे की तलाश, डूबे युवक का नहीं चला पता

जोन्हा, हुंडरू सहित अन्य फॉल के पर्यटन मित्र व गोताखोर आज सामूहिक रूप से करेंगे तलाश अनगड़ा : जोन्हा फॉल नदी में डूबे कोलकाता गोल तालाब निवासी तल्हा फिरदौस को ढूंढने के लिए सोमवार को एनडीआरएफ की टीम लगायी गयी, लेकिन सफलता नहीं मिली. नदी के तेज बहाव में विषम परिस्थिति में भी एनडीआरएफ की […]

जोन्हा, हुंडरू सहित अन्य फॉल के पर्यटन मित्र व गोताखोर आज सामूहिक रूप से करेंगे तलाश
अनगड़ा : जोन्हा फॉल नदी में डूबे कोलकाता गोल तालाब निवासी तल्हा फिरदौस को ढूंढने के लिए सोमवार को एनडीआरएफ की टीम लगायी गयी, लेकिन सफलता नहीं मिली. नदी के तेज बहाव में विषम परिस्थिति में भी एनडीआरएफ की टीम ने संभावित क्षेत्र में चार घंटे तक नदी को खंगाला, लेकिन तल्हा फिरदौस का कुछ पता नहीं मिला.
इस दौरान तल्हा फिरदौस के पिता मो फिरदौस, चाचा, मामा, भाई सहित अन्य परिजन मौजूद थे. सभी गमगीन थे, इसके बावजूद किसी अच्छी खबर के लिए आशान्वित थे. अनगड़ा थानेदार शंकर प्रसाद ने बताया कि लापता युवक को ढूंढने का कार्य जारी रहेगा.
एनडीआरएफ के एक सदस्य ने बताया कि पानी का बहाव काफी तेज है. बहाव थोड़ा कम होने पर ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी. पर्यटन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद व पर्यटन मित्र बालेश्वर बेदिया ने बताया कि मंगलवार को जोन्हा फॉल, हुंडरू फॉल, सीता फॉल, दशम फॉल, हिरणी फॉल व पंचघाघ के पर्यटन मित्र व गोताखोर सामूहिक रूप से नदी में लापता युवक की तलाश करेंगे.
जोन्हा फॉल के दूसरी तरफ भी हो सुरक्षा का इंतजाम : अनगड़ा प्रखंड के आजसू अध्यक्ष शंकर बेदिया व मो रिजवान ने कहा कि जोन्हा फॉल में हाल के दिनों में घटित घटनाओं से सबक लेते हुए जेटीडीसी जोन्हा फॉल के दूसरे तरफ भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करे. स्थानीय युवकों को पर्यटन मित्र के रूप में बहाल कर कोयनारडीह के रास्ते से आनेवाले पर्यटकों को भी मुकम्मल सुरक्षा देनी होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >