सीआइपी ने लांच की डिजिटल एकेडमी
रांची : कोई भी चिकित्सक अब केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआइपी) से तीन माह का ऑनलाइन डिप्लोमा कोर्स कर सकेंगे. संस्थान ने इसके लिए डिजिटल एकेडमी लांच की है.
भारत सरकार के निर्देश के बाद देश में तीन स्थानों (निमहांस बेंगलुरु, एनजीबी तेजपुर और सीआइपी रांची) में इस तरह के कोर्स का संचालन होगा.
निमहांस में यह कोर्स शुरू कर दिया गया है. सीआइपी में इसके लिए निबंधन की प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू हो जायेगी. सीआइपी की वेबसाइट से इसका निबंधन हो सकेगा. शनिवार को सीअाइपी में यह लांच किया गया.
इस मौके पर संस्थान के निदेशक डॉ डी राम ने बताया कि पूरे देश में मनोचिकित्सकों की संख्या काफी कम है. मनोरोगी बढ़ रहे हैं. एेसे में मनोरोग के बेसिक इलाज के लिए भारत सरकार ने इस तरह का निर्णय लिया है. तीन माह के कोर्स के बाद चिकित्सकों को डिप्लोमा की डिग्री दी जायेगी. इसमें निमहांस का सहयोग लिया जा रहा है.
कुछ दिनों के बाद सीआइपी बिना किसी के सहयोग से इसका संचालन कर सकेगा. पहले चरण में झारखंड सरकार के चिकित्सकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है. इसके लिए राज्य सरकार से आग्रह किया जायेगा. कोर्स के प्रोग्राम कोर्डिनेटर डॉ निशांत गोयल ने बताया कि कोर्स पूर्णत: नि:शुल्क है. पढ़ाई स्मार्ट फोन के माध्यम से हो सकेगी. इसके लिए जो भी तकनीकी तैयारी है, पूरी की जा रही है.
संस्थान के चिकित्सक ही कोर्स करायेंगे. इसके लिए कम से कम 80 फीसदी उपस्थिति और 80 फीसदी अंक लाना अनिवार्य होगा. पहले चरण में चिकित्सकों, साइकोलॉजी, सोशल वर्कर और नर्सों के लिए डिप्लोमा इन कम्युनिटी मेंटल हेल्थ कोर्स का आयोजन होगा.
