थमा विवाद. मेयर ने की अपील, कहा किसी से काेई गलती हुई है तो माफ करें
रांची : पिछले 15 दिनों से मेयर और पार्षदों के बीच चल रहे विवाद का पटाक्षेप शनिवार को हो गया. हालांकि इस विवाद को दूर करने के लिए पार्षदों को ही बैकफुट पर आना पड़ा.
तीन पार्षदों के आग्रह पर मेयर ने शनिवार को पार्षदों की बैठक बुलायी. निगम सभाकक्ष में आयोजित बैठक को गोपनीय रखा गया. इससे मीडिया को पूरी तरह दूर रखा गया. तीन घंटे तक यह बैठक चली. बैठक के दौरान मेयर ने पार्षदों से कहा कि पिछले कुछ दिनों से निगम में जो चल रहा है, उसे दूर किया जाना चाहिए.
अगर इस दौरान किसी से कोई गलती हुई है, तो उसे माफ कर देना चाहिए. मेयर की इस अपील पर पार्षदों ने भी आगे से सार्वजनिक रूप से मेयर पर कीचड़ नहीं उछालने का आश्वासन दिया. पार्षदों व मेयर के बीच मध्यस्थता कराने में डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही.
मेयर ने कहा, अब नहीं होगा एक भी कर्मचारी का एक्सटेंशन
मेयर-पार्षदों के बीच विवाद तो दूर हो गया, लेकिन इसमें भी मेयर की ही चली. बैठक की शुरुआत में ही मेयर ने पार्षदों को कहा कि उन्होंने पहले ही यह आदेश दिया था कि अब किसी कर्मचारी को सेवा विस्तार नहीं दिया जायेगा.
ऐसे में पार्षद यह ध्यान रखें कि आगे से वे इस प्रकार की कोई मांग निगम बोर्ड की बैठक में नहीं उठायें. मेयर के इस आदेश पर पार्षदों ने कहा कि आगे से वे इसका ध्यान रखेंगे. साथ ही मेयर ने पार्षदों को यह भी निर्देश दिया कि वे बोलते समय भाषा और मर्यादा का ख्याल रखें.
