रांची : महिला थाना में एक महिला की शिकायत पर सुनील पांडेय के खिलाफ सोशल मीडिया में अश्लील फोटो शेयर करने, ब्लैकमेल का प्रयास और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने फेसबुक आइडी के जरिये मामले की जांच शुरू कर दी है.
महिला की शिकायत के अनुसार सुनील पांडेय से वह फेसबुक के जरिये जुड़ी थी. महिला ने अपना मोबाइल नंबर फेसबुक पर डाला था. उस नंबर पर महिला से संपर्क कर सुनील बात करने लगा. इसके बाद वह महिला का फोटो एकत्र कर उसे शेयर करने लगा. जब महिला ने सुनील का नंबर ब्लॉक कर दिया, तब वह दूसरे नंबर से महिला को मैसेज भेज कर उसकी शादीशुदा जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देने लगामहिला का फोटो सुनील ने उसके परिवार के सदस्यों के पास भी भेजा. महिला की शिकायत के अनुसार सुनील पांडेय विभिन्न नामों से फेसबुक आइडी चलाता है. महिला ने अपनी प्राथमिकी में इस बात का उल्लेख किया है कि सुनील किसी गिरोह का सदस्य हो सकता है.घटना से पीड़ित महिला दोस्तों के समझाने पर सुनील की शिकायत कर कार्रवाई के लिए तैयार हुई. पुलिस के अनुसार आरोपी दार्जिलिंग का रहनेवाला है. साइबर सेल के सहयोग से उसके सभी एकाउंट ब्लॉक करने की कार्रवाई की जा चुकी है.
