सूचनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम : वर्णवाल
रांची : मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सह सूचना व जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास अब प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को राज्य के किसी भी जिले के किसी एक पंचायत के लोगों से सीधा संवाद करेंगे.
साथ ही सीएम सचिवालय के अधिकारी भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से रू-ब-रू होंगे. सरकार की योजनाओं को किस प्रकार धरातल पर गांव, गरीब व किसानों के हित में उतारा जा रहा है, इसका पता चल पायेगा. उन्होंने सभी डीपीआरओ से कहा कि इसकी व्यवस्था ऐसी बनायें कि ग्रामीण अपनी बातों को खुल कर मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकें.
अपनी परेशानी बता सकें तथा सुझाव भी दे सकें. डॉ वर्णवाल शनिवार को सूचना भवन के सभागार में विभागीय बैठक को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि सूचनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है. आज का समय सूचना क्रांति का युग है व अपनी बात सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक आसानी से पहुंचायी जा सकती है.
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों का जुड़ाव मुख्यमंत्री जन संवाद केंद्र में हो, यही सरकार का उद्देश्य है. योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सरकार द्वारा 32 एलइडी वैन चलाया जा रहा है. उक्त वैनों को सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी भेजना सुनिश्चित किया जाये. जिले के सभी सरकारी भवनों में सरकार की योजनाओं से संबंधित फ्लैक्स व पोस्टर लगाने का निर्देश दिया.
