गैंग रेप का मास्टरमाइंड जोनास तिड़ू ने स्वीकारा: RTI से ली घोटाले की जानकारी फिर समानांतर सरकार बनाने में जुटा

पुलिस की पूछताछ में गैंग रेप का मास्टरमाइंड जोनास तिड़ू ने स्वीकारा जमशेदपुर : कोचांग गैंगरेप का मास्टरमाइंड व विवादित पत्थलगड़ी समर्थकों का नेता जॉन जोनास तिड़ू ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उसने खूंटी में हो रहे विकास कार्याें में गड़बड़ी को लेकर आरटीआइ फाइल किया था. इसमें उसे बड़े घोटाले की […]

पुलिस की पूछताछ में गैंग रेप का मास्टरमाइंड जोनास तिड़ू ने स्वीकारा
जमशेदपुर : कोचांग गैंगरेप का मास्टरमाइंड व विवादित पत्थलगड़ी समर्थकों का नेता जॉन जोनास तिड़ू ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उसने खूंटी में हो रहे विकास कार्याें में गड़बड़ी को लेकर आरटीआइ फाइल किया था. इसमें उसे बड़े घोटाले की जानकारी मिली थी.
आरटीआइ के जरिये सूचना मिली थी कि इंदिरा आवास बना ही नहीं, पर उसके नाम पर पैसे की निकासी कर ली गयी थी. बिना निर्माण किये ही सड़क के पैसे निकाल लिये गये थे. इसके अलावा कोचांग गांव के एक स्कूल में शिक्षक शराब पीकर आता था, वह बच्चों को नहीं पढ़ाता था. इसकी शिकायत भी कई बार की गयी, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई. जोनास तिड़ू ने बताया है कि इसके बाद उसने अपने कुछ साथियों के साथ फैसला लिया कि वे खूंटी में अपनी सरकार चलायेंगे. वहां जिला प्रशासन व सरकार की व्यवस्था काे काम नहीं करने देंगे.
तिड़ू ने पुलिस को बताया है कि उसके संपर्क में करनडीह आदिवासी महासभा के भी कई लोग थे. कुछ तो खूंटी में आकर उससे मुलाकात भी करते थे. जमशेदपुर एसएसपी अनूप बिरथरे ने बताया कि आदिवासी महासभा के कृष्णा हांसदा को करनडीह से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. कुछ की संदिग्ध गतिविधि देख कर उन पर परसुडीह थाने में 107
के तहत का मुकदमा दर्ज कराया गया है.
दोस्तों और एक महिला रिश्तेदार से पुलिस करेगी पूछताछ
एसएसपी ने बताया कि खूंटी में विवादित पत्थलगड़ी की घटना के बाद फरारी में तिड़ू ने मुसाबनी और धालभूमगढ़ में जिन दोस्तों के घर और एक महिला रिश्तेदार के यहां शरण ली थी, पुलिस को उनका पता लग चुका है. पुलिस सभी से पूछताछ करेगी. फिलहाल तिड़ू और बलराम समद को पुलिस ने जेल भेज दिया है.
पत्थलगड़ी के तार महाराष्ट्र व एमपी से भी जुड़े
रांची : खूंटी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में होनेवाली पत्थलगड़ी के तार गुजरात के बाद अब राजस्थान, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से भी जुड़ गये हैं. इस संबंध में जॉन जोनास तिड़ू और बलराम समद ने पुलिस की पूछताछ में कई खुलासे किये हैं. दोनों को पत्थलगड़ी के बहाने आमलोगों को बहकाने व सांसद कड़िया मुंडा के अंगरक्षकों के अपहरण में शामिल रहने के अारोप में रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि उनलोगों को सरकारी संस्थाओं का बॉयकॉट करने व खुद की व्यवस्था कायम करने के साथ अस्तित्व बचाने की बात कह सतपति कल्ट नामक संस्था में प्रशिक्षित किया गया था. इस संस्था के संस्थापक गुजरात के तापी जिले के काटसवान के कुंवर केशरी सिंह हैं.
इनकी मौत के बाद संस्था की कमान इनके बेटे रवींद्र केशरी ने संभाल रखी है. रवींद्र ने ही इन्हें बताया था कि पत्थलगड़ी कर अपने क्षेत्र में एसी भारत सरकार कुटुंब परिवार के नाम से आदेश जारी करो. न तो बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ने भेजो और न ही सरकारी योजनाओं का लाभ लो. यहां तक कि देश की करेंसी के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य चीजों का बहिष्कार कराओ, क्योंकि हमलोग ही असली सरकार हैं. चुनाव कार्यों का बहिष्कार करो.
इस संबंध में आइजी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि यहां के लोगों को गलत चीजों की व्याख्या कर दिगभ्रमित करने और साजिश करने के आरोप में भादवि की धारा 120 बी के तहत रवींद्र केशरी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जायेगा. उससे पूछताछ के लिए एक टीम काटसवान गयी है. टीम द्वारा रवींद्र के संबंध में तापी जिलेे के पुलिस कप्तान और अन्य अफसरों को भी घटनाक्रम के बारे में जानकारी देकर उस पर नजर रखने का अनुरोध किया जायेगा.
पूछताछ के दौरान जॉन जोनास और बलराम समद ने बताया है कि पत्थलगड़ी को लेकर राजस्थान की संस्था आदिवासी परिवार के भी संपर्क में उनके अलावा युसूफ पूर्ति और कई लोग थे. वहीं भील ऑटोनोमस काउंसिल भी एक संस्था है, जो गुजरात, राजस्थान व मध्यप्रदेश में कार्यरत है. इसकी गतिविधि भी पत्थलगड़ी में सामने आ रही है. इसके अलावा महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में सक्रिय बिरसा बिग्रेड भी पुलिस के रडार पर आ गयी है. उक्त संस्थाओं की भी पड़ताल अब पुलिस करेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >