रांची : माकपा की पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात ने कहा कि पूरा झारखंड, लूटखंड और खूनखंड में बदल गया है. आदिवासियों की जमीनें लूट कर कॉरपोरेट जगत को दी जा रही हैं. मॉब लिंचिंग के नाम पर लोगों की हत्याएं हो रही हैं.
झारखंड की स्थिति भयावह है. श्रीमती करात मंगलवार को माकपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं. उन्होंने कहा कि मॉब लिंचिंग की घटनाओं को रोकने की जिम्मेदारी सरकार की है. इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट का आदेश भी आया है. उन्होंने कहा कि रघुवर दास खुद से राज्य को चला रहे हैं. यह स्थिति भाजपा व आरएसएस की विचारधारा पर ही बनी है.
उन्होंने कोचांग घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. उन्होंने कहा कि दोषियों को चिह्नित कर उन्हें गिरफ्तार किया जाये. इस पूरे मामले की जांच हो. लेकिन इस घटना को पत्थलगड़ी से जोड़ना गलत है. एक सवाल के जवाब में कहा कि पत्थलगड़ी आदिवासियोें की परंपरा है और इसे कोई नहीं मिटा सकता है, लेकिन जो लोग इसे राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, उसका हमारी पार्टी कतई समर्थन नहीं करेगी. बुनियादी चीजों पर साथ हैं.
केवल मिशनरीज संस्था के खिलाफ जांच का आदेश दिया जाना गलत : केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी द्वारा देश भर के मिशनरीज संस्थाओं की जांच का आदेश दिया जाना गलत है. इससे भाजपा व संघ की विचारधारा पुष्ट होती है.
पूरी संस्था को बदनाम करने की साजिश: बच्चों की तस्करी अपराध है. दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. निर्मल हृदय की महिला कर्मचारी ने गलत हरकत की. सहयोग की बजाय पूरे निर्मल हृदय को बदनाम करने की साजिश की जा रही है.
