रांची : रांची नगर निगम ने कचहरी चौक के पास पार्किंग स्थल बनाने का निर्णय लिया है. पार्किंग क्षेत्र संग्राम क्लब से नगर निगम कार्यालय तक होगा.
इसके लिए जल्द ही खाली स्थान चिह्नित किया जायेगा. इस पार्किंग में वाहन खड़ा करनेवालों से निर्धारित शुल्क भी लिया जायेगा, जो नगर निगम तय करेगा. शुक्रवार को नगर आयुक्त डॉ शांतनु अग्रहरी की अध्यक्षता में हुई मार्ग तकनीकी समिति की पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया है.
गौरतलब है कि कचहरी चौक के पास वाहनों का आवागमन सबसे ज्यादा रहता है. यहां पार्किंग स्थल नहीं होने से कचहरी और नगर निगम कार्यालय में आये लोगों को वाहन खड़ा करने में परेशानी होती है.
यहां पार्किंग स्थल बनने से लोगों को काफी सहूलियत होगी. समिति की बैठक में वार्ड-19 की पार्षद रोशनी खलखो ने न्यूक्लियस मॉल के बाहर नो-पार्किंग में लगने वाले वाहन व उससे होनेवाली जाम की समस्या का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि राजधानी के मॉल मालिक अपने यहां अधिक पार्किंग शुल्क लेते हैं, जिसके कारण मॉल जानेवाले लोग मॉल के बाहर नो-पार्किंग में वाहन खड़े कर देते हैं. ऐसे में सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है.
समिति के सदस्यों ने स्थिति आकलन के लिए एक टीम गठित कर रिपोर्ट देने के लिए कहा है. रिपोर्ट के आधार पर मॉल संचालक अपने यहां लोगों से कितना पार्किंग शुल्क लेंगे यह तय किया जायेगा. अधिक शुल्क लेने वालों पर समिति कार्रवाई करेगी.
100 ट्रैफिक स्लाइडिंग बैरिकेड होंगे उपलब्ध
बैठक में कांटाटोली फ्लाइओवर निर्माण के समय रूट डायवर्सन के दौरान करीब 100 ट्रैफिक स्लाइडिंग बैरिकेड उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया.
इससे यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी. ट्रैफिक एसपी संजय रंजन सिंह ने चौक-चौराहों पर जेब्रा क्रासिंग, स्टॉप लाइन व ट्रैफिक लाइट लगाने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि चौक-चौराहों पर लगे प्लास्टिक बोलार्ड खराब हो चुके हैं, उन्हें बदलने की जरूरत है.
