रांची : नालियों पर कब्जा, तो पानी कहां से निकलेगा

जरा सी बारिश ने खोल दी रांची नगर निगम के स्वच्छता के दावों की पोल रांची : राजधानी में सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मेन रोड, हलधर प्रेस गली, बिहार क्लब गली, इस्लाम नगर, धुमसा टोली, कृष्णापुरी चुटिया, आजाद बस्ती, गौस नगर, रातू रोड इंद्रपुरी मोहल्ले में घुटने से ऊपर तक पानी भर […]

जरा सी बारिश ने खोल दी रांची नगर निगम के स्वच्छता के दावों की पोल
रांची : राजधानी में सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मेन रोड, हलधर प्रेस गली, बिहार क्लब गली, इस्लाम नगर, धुमसा टोली, कृष्णापुरी चुटिया, आजाद बस्ती, गौस नगर, रातू रोड इंद्रपुरी मोहल्ले में घुटने से ऊपर तक पानी भर गया था. बारिश रुकने के घंटों बाद भी पानी निकलने का नाम नहीं ले रहा था. इन इलाकों के लोग देर रात तक अपने घरों से पानी निकालने की मशक्कत करते रहे.
मंगलवार सुबह जब प्रभात खबर की टीम ने इन इलाकों का जायजा लेने पहुंची, तो इन लोगों ने रांची नगर निगम को कोसाना शुरू कर दिया. कहा : रांची नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शर्म आनी चाहिए. वे लोग स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में बेहतर रैंकिंग का जश्न मना रहे हैं और यहां शहर की जनता घरों में घुसे नाले का पानी निकाल रही है. लोगों ने बताया कि उनके इलाके की नालियों की हालत बहुत ही नारकीय है. नालियां कचरे से पूरी तरह पैक हैं.
इस वजह से हर बार बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या होती है. नालियों पर बेतहाशा अतिक्रमण भी जलजमाव की वजह बन रहा है. घर के लिए अधिक से अधिक जमीन कब्जा करने के चक्कर में लोगों ने नालियों के ऊपर रैंप और बाउंड्रीवाॅल बना लिया है. सोमवार को भी जिन मोहल्लों में जलजमाव हुआ था, उनमें से अधिकतर मोहल्ले में नालियों पर बेतहाशा अतिक्रमण किया जा चुका है.
लाइन टैंक रोड के समीप नगर निगम द्वारा नाली बनवायी गयी है. लेकिन, यहां आधी दूर तक ही नाली दिखती है. इसके बाद नाली के ऊपर निर्माण कर उसे अपने घर के जमीन पर शामिल कर लिया गया है. नतीजा बारिश का पानी आधी दूर तक नाली में और उसके बाद सड़क पर बहता नजर आता है.
140 करोड़ से बनी नालियां भी नाकाम
मोमेंटम झारखंड के दौरान बाहर से आनेवाले अतिथियों के समक्ष शहर की स्वच्छ छवि पेश करने के लिए सरकार ने पानी के तरह पैसे बहाये. करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से पूरे शहर में आरसीसी ड्रेन का निर्माण कराया गया. आनन-फानन में बनायी गयी इन नालियों को ऊपर से तो छड़ और सीमेंट लगाकर ढलाई कर दी गयी. न तो इन नालियों में पानी घुसने के लिए जगह छोड़ी गयी और न ही इन नालियों को किसी दूसरी नाली से जोड़ा गया. नतीजा यह हुआ कि बारिश के दौरान सड़क पर जमा पानी इन नालियों में नहीं जा पा रहा है. ऐसे में बारिश के दौरान सड़कें नदी जैसी दिखने लग रही हैं.
जलजमाव वाले मोहल्ले में पहुंचीं वार्ड पार्षद
रांची. हलधर प्रेस गली में जलजमाव की सूचना पर मंगलवार को वार्ड पार्षद आशा देवी मोहल्ले में पहुंची. यहां लोगों ने वार्ड पार्षद से कहा कि वे निगम द्वारा निर्धारित सभी प्रकार के टैक्स का भुगतान करते हैं, लेकिन हर वर्ष बारिश के दिनों में मोहल्ले की यह हालत क्यों हो जाती है. लोगों की शिकायत सुन कर पार्षद ने कहा कि चाहे जो भी हो वे जल्द से जल्द इस समस्या का कोई ठोस समाधान निकालेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >