कांग्रेस की बैठक, निराश नेताओं ने प्रभारी पर फिर साधा निशाना कहा, हेमंत-बाबूलाल जिंदाबाद कहेंगे तो पार्टी कैसे आगे बढ़ेगी

नेताओं ने कहा. एेसे काम कर रहे हैं, जैसे मोदी के गुप्त एजेंडे में लगे हों मन्नान मल्लिक ने कहा : राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देना चाहते रांची : कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में एक बार फिर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार […]

नेताओं ने कहा. एेसे काम कर रहे हैं, जैसे मोदी के गुप्त एजेंडे में लगे हों
मन्नान मल्लिक ने कहा : राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देना चाहते
रांची : कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में एक बार फिर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार पर निशाना साधा.
नेताओं ने कहा कि फरीदाबाद से संगठन नहीं चल सकता. प्रदेश अध्यक्ष एसपी की तरह कार्यकर्ताओं को निर्देश दे रहे हैं. जब मन हो रहा है कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दे रहे हैं. इससे संगठन कमजोर पड़ रहा है. राज्यसभा चुनाव में जब प्रदेश अध्यक्ष खुद हेमंत सोरेन जिंदाबाद व बाबूलाल मरांडी जिंदाबाद का नारा लगायेंगे, तो पार्टी कैसे आगे बढ़ेगी?
धनबाद में दूसरे दलों से आये 10 लोगों को एआइसीसी का सदस्य बना दिया गया. पैसे के बल पर पार्टी में पद बांटा जा रहा है. गिरिडीह में हुए निकाय चुनाव में दूसरे दलों से आये लोगों को प्रत्याशी बनाया गया. जब पार्टी कार्यकर्ता बूथवार मतों की जानकारी देकर कार्रवाई करने की मांग करते हैं, तो उन्हें ही पार्टी से निलंबित कर दिया जाता है.
पूर्व विधायक मन्नान मल्लिक ने प्रदेश अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पैराशूट से उतर कर लोग आ रहे हैं और पार्टी में पद दे दिया जा रहा है़ जिस तरह से झामुमो के साथ समझौता हो रहा है, उससे लगता है कि ये लोग राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देना चाहते हैं. इनके काम से लग रहा है कि ये नरेंद्र मोदी के गुप्त एजेंडे पर काम कर रहे हैं.
नेताओं ने कहा कि इनकी ओर से अदूरदर्शी निर्णय लिया जा रहा है. संगठन में गदहे को घोड़ा का लबादा पहना कर उसे रेस का घोड़ा बताया जा रहा है. बैठक की अध्यक्षता समन्वय समिति के अध्यक्ष केएन त्रिपाठी कर रहे थे. बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक, नियल तिर्की, अजय राय समेत कई नेता मौजूद थे.
आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा हुई, केंद्र को रिपोर्ट भेजी जायेगी : केएन त्रिपाठी
समन्वय समिति के अध्यक्ष केएन त्रिपाठी ने कहा कि बैठक में संगठन के साथ-साथ राज्य के वर्तमान हालात और आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा हुई़ जिले से आये प्रतिनिधियों ने संगठन के कामकाज के बारे में विस्तृत जानकारी दी़ गठबंधन से लेकर चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई़
केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट सौंपी जायेगी़ श्री त्रिपाठी ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि भूमि अधिग्रहण बिल में संशोधन को लेकर धारदार आंदोलन चलाया जाये़ सरकार की यह नीति जनविरोधी है़
इसके साथ ही स्कूलों की संख्या पांच हजार कम करने के मुद्दे पर भी चर्चा की गयी़ श्री त्रिपाठी ने कहा कि गरीब बच्चों के भविष्य के साथ सरकार खिलवाड़ कर रही है़ पार्टी इसे भी मुद्दा बनायेगी़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >