II आनंद मोहन II
रांची : कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआइ में सदस्यता अभियान के नाम पर फर्जीवाड़ा चल रहा है. एनएसयूआइ की वेबसाइट पर सदस्यता सूची में इसे साफ तौर से देखा जा सकता है. राजधानी रांची के दर्जनों कॉलेज में एनएसयूआइ के हजारों सदस्य बताये जा रहे है़ं सूचना के मुताबिक, राज्य में अब तक 10 हजार से ज्यादा सदस्य बना लिये गये हैं. पर,रांची वीमेंस कॉलेज की सदस्यता सूची में 144 छात्र को दिखाया गया है.
जबकि वीमेंस कॉलेज में सिर्फ छात्राएं ही पढ़ती हैं. रांची वीमेंस कॉलेज की सूची में 157 सदस्यों के नाम है़ं इनमें 13 लड़कियां हैं. शेष 144 सदस्य लड़के हैं. सूची देख कर साफ कहा जा सकता है कि इसे घर बैठे तैयार किया गया है
कई कॉलेजों में अच्छे खासे समर्थकों का दावा
सूची में कई कॉलेजों में सदस्यों की संख्या काफी लंबी है. रामटहल कॉलेज में भी एनएसयूआइ के अच्छे खासे समर्थक हैं. संत जेवियर कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, जेएन कॉलेज, कार्तिक उरांव कॉलेज, छोटानागपुर लॉ कॉलेज, रिम्स नर्सिंग कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज में सैकड़ों की संख्या में एनएसयूआइ के सदस्य बताये गये है़ं
चल रहा स्क्रूटनी का काम
उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष से एनएसयूआइ का सदस्यता अभियान चल रहा है. सदस्यता अभियान की तिथि पिछले वर्ष दिसंबर महीने में बढ़ा कर 10 जनवरी की गयी थी. फिलहाल सूची की स्क्रूटनी का काम चल रहा है.
सात अप्रैल तक सदस्यता सूची की स्क्रूटनी होनी है़ इसी महीने चुनाव भी संभावित है़ एक सक्रिय सदस्य को पांच सदस्य बनाना होता है. सदस्य बनाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन फॉर्म भरे जाते है़ं. इसके साथ कॉलेज का आइडी और मोबाइल नंबर आवश्यक है. मोबाइल नंबर से मिस कॉल करना भी आवश्यक है. लेकिन फर्जी तरीके से यह सारी प्रक्रिया पूरी की जा रही है़
ऑनलाइन सदस्यता को ऑफलाइन किया
केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर एनएसयूआइ का ऑनलाइन सदस्यता अभियान चलाया जाना था. दिसंबर में इसे ऑफलाइन किया गया था. ऑफलाइन में बड़ी संख्या में सदस्य बनाये जाने का दावा किया जा रहा है. पहले करीब तीन हजार सदस्य ही थे.
कोट
डाटा इंट्री में गलती हो गयी है. इसमें सुधार किया जा रहा है़ ये दूसरे कॉलेज के छात्र हैं. गलती से महिला कॉलेज की सूची में नाम दर्ज हो गया है़
– आजाद सिंह, पीआरओ एनएसयूआइ
